जौनपुर में अज्ञात बदमाशों ने बुजुर्ग महिला की धारदार हथियार से हत्या, पुलिस मौके पर
नेवढ़िया थाना क्षेत्र के शेखपुर गांव निवासी एक अधेड़ महिला की धारदार हथियार से मार कर हत्या कर दी गई, वहीं हत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।
जौनपुर, जेएनएन। नेवढ़िया थाना क्षेत्र के शेखपुर गांव निवासी एक अधेड़ महिला की धारदार हथियार से मार कर हत्या कर दी गई। वहीं हत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। सूचना पर स्थानीय पुलिस सहित क्राइम ब्रांच व डॉगस्वायट की टीम मौके पर पहुंच कर आवश्यक जांच पड़ताल में जुट गई।
जानकारी के अनुसार नेवढ़िया थाना क्षेत्र के शेखपुर गांव निवासी (65 वर्षीय) महिला दुर्गावती देवी पत्नी स्व. रामराज बुधवार की सुबह लगभग 10 बजे अपने खेत से पशुओं के लिए चारा काट कर घर आई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लगभग 10.30 बजे पड़ोस की ही एक महिला मृतक के घर पहुंची तो वहां देखी किे महिला खून से लथपथ जमीन पर गिरी पड़ी हुई हैं। महिला ने शोर शराबा मचाना शुरू किया तो शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए हैं। वहीं ग्रामीणों ने घटना की सूचना मृतक के देवर बृजलाल गुप्ता को दी। सूचना पर मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
ग्रामीणों के अनुसार मृतक महिला घर पर अकेली ही रहती थी उनके देवर अपने परिवार के साथ गोपालापुर बाजार में ही रहकर किराने की दुकान चलाते हैं। सूचना पर मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस सहित क्राइम ब्रांच व डॉग स्क्वायड की टीम आवश्यक जांच पड़ताल में जुटी रही। ग्रामीणों के मुताबिक मृतक को दो पुत्रियां थी जो अपने ससुराल में रहती हैं। इस संदर्भ में थानाध्यक्ष नेवढ़िया वंश बहादुर सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों की तरफ से अज्ञात के खिलाफ हत्या करने की तहरीर मिली है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।