विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कबाड़ इलेक्ट्रॉनिक्स का झंझट खत्म, अब घर-घर ई-वेस्ट उठाएगा नगर निगम वाराणसी

By Vns Arun Mishra Edited By: Abhishek sharma
Published: Fri, 25 Sep 2026 04:50 PM (IST)

काशी नगर निगम ने शहर में बढ़ते ई-कचरे के सुरक्षित निस्तारण के लिए 'एडमायबिन' को अधिकृत किया है। अब घर-घर ...और पढ़ें

वाराणसी में ई-कचरा निस्तारण की नई पहल, नगर निगम घर-घर करेगा संग्रह।

वाराणसी में ई-कचरा निस्तारण की नई पहल, नगर निगम घर-घर करेगा संग्रह।

HighLights

  1. नगर निगम ने ई-कचरा संग्रह हेतु 'एडमायबिन' को अधिकृत किया।

  2. घर-घर जाकर इलेक्ट्रॉनिक कचरा एकत्र कर उचित मूल्य मिलेगा।

  3. पर्यावरण-अनुकूल रिसाइकलिंग से काशी को स्वच्छ और हरित बनाना।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। काशी शहर को स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में नगर निगम ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। शहर में लगातार बढ़ रहे इलेक्ट्रॉनिक कचरे के सुरक्षित निस्तारण के लिए निगम ने 'एडमायबिन' को अधिकृत किया है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य पुराने और खराब हो चुके इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को सामान्य कचरे में मिलने से रोकना तथा उनका पर्यावरण-अनुकूल तरीके से रिसाइकलिंग सुनिश्चित करना है।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि अब शहर में घर-घर जाकर ई-वेस्ट का संग्रह किया जाएगा। संस्था द्वारा ई-वेस्ट लेते समय संबंधित नागरिक या संस्थान को उसका उचित मूल्य भी प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही आम जनता में जागरूकता फैलाने के लिए विशेष जागरूकता सत्र और संग्रह अभियान चलाए जाएंगे। यह सेवा केवल घरों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि कार्यालयों, स्कूलों, कॉलेजों, विभिन्न संस्थानों, उद्योगों और बल्क जनरेटरों से भी पुराने इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरणों का संग्रह किया जाएगा।

निगम ने काशीवासियों से अपील की है कि वे पुराने इलेक्ट्रॉनिक्स को कल की समस्या न बनने दें। ई-वेस्ट को गीले या सूखे सामान्य कचरे के साथ न मिलाकर अलग रखें और अधिकृत संस्था को ही सौंपें। ई-वेस्ट पिकअप बुक करने के लिए नागरिक क्यूआर कोड या हेल्पलाइन नंबर 8335955000 पर संपर्क कर सकते हैं।

अभियान के अंतर्गत कंप्यूटर, लैपटॉप, मॉनिटर, मोबाइल फोन, टैबलेट, प्रिंटर, स्कैनर, रेफ्रिजरेटर, फ्रीजर, वॉशिंग मशीन, ड्रायर, एयर कंडीशनर, गीजर, माइक्रोवेव ओवन, किचन उपकरण, बैटरी, सेल, चार्जर, केबल, नेटवर्किंग उपकरण (राउटर, स्विच), स्टेबलाइजर, इनवर्टर, यूपीएस, सर्किट बोर्ड (पीसीबी), होम थिएटर, ऑडियो सिस्टम और टेलीविजन (एलईडी/एलसीडी/सीआरटी) जैसे सभी प्रकार के ई-वेस्ट एकत्र किए जाएंगे।

ई-वेस्ट देने के लिए नागरिकों को सबसे पहले दिए गए हेल्पलाइन नंबर या क्यूआर कोड के माध्यम से संपर्क करना होगा। इसके बाद पिकअप का सुविधाजनक समय और तिथि निर्धारित की जाएगी। तय समय पर एडमायबिन की टीम आपके स्थान पर पहुंचकर ई-वेस्ट एकत्र करेगी तथा उसका उचित मूल्य प्रदान करेगी। अंत में, एकत्र किए गए ई-वेस्ट को अधिकृत चैनलों के माध्यम से सुरक्षित चैनलाइजेशन और वैज्ञानिक तरीके से रिसाइकलिंग के लिए भेजा जाएगा।

इस पहल से न केवल काशीवासियों को अपने पुराने इलेक्ट्रॉनिक्स के निस्तारण में सुविधा होगी, बल्कि यह पर्यावरण की सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा। नगर निगम की यह योजना निश्चित रूप से शहर को स्वच्छ और हरित बनाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।