काशी की सड़कों पर लस्सी बेचते और रिक्शा चलाते दिखे सांसद मनोज तिवारी: शो 'पति, पत्नी और पंगा' की शूटिंग के दौरान उमड़ी भीड़
सांसद मनोज तिवारी ने वाराणसी में अपने आगामी टीवी शो 'पति, पत्नी और पंगा' की शूटिंग की, जहाँ वे लस्सी ...और पढ़ें

वाराणसी में सांसद मनोज तिवारी ने लस्सी बेची, रिक्शा चलाया: 'पति, पत्नी और पंगा' की शूटिंग से उमड़ी भीड़।
HighLights
मनोज तिवारी ने वाराणसी में टीवी शो 'पति, पत्नी और पंगा' की शूटिंग की।
गोदौलिया चौराहे पर लस्सी बेची और रिक्शा चलाते दिखे सांसद।
काशी की संस्कृति और खान-पान को दर्शाया, प्रशंसकों की भीड़ उमड़ी।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। "काम कोई भी छोटा या बड़ा नहीं होता"—इसी सकारात्मक संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से भोजपुरी सिनेमा के सुप्रसिद्ध अभिनेता, गायक और सांसद डॉ. मनोज तिवारी रविवार को वाराणसी पहुँचे। धर्म और संस्कृति की नगरी काशी के प्रमुख गोदौलिया चौराहे पर वह अपने आगामी टीवी शो 'पति, पत्नी और पंगा' की शूटिंग करते नजर आए।
इस शो के जरिए बनारस की समृद्ध संस्कृति, अल्हड़ मिजाज और खान-पान को प्रमुखता से पर्दे पर उतारा जा रहा है। शूटिंग से पहले डॉ. तिवारी ने माता शीतला मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया और भावुक होकर कहा कि उनके जीवन और कला की शुरुआत काशी के इन्हीं पावन मंदिरों से हुई है। इस दौरान पंडित अवशेष पांडेय कल्लू गुरु, गीतकार कन्हैया दुबे 'केडी', प्रभुनाथ और सुनील सहित कई गणमान्य लोगों ने उनका स्वागत किया।
गोदौलिया चौराहे पर उस वक्त लोग हैरान रह गए, जब मनोज तिवारी अचानक एक लस्सी की दुकान पर जा पहुँचे और दुकानदार से नौकरी मांगते हुए बोले, "मुझे भी काम पर रख लो या कमीशन पर ही रख लो।" इसके बाद वह खुद ₹100 में लस्सी बेचते हुए ग्राहकों से खरीदारी की अपील करने लगे।
उन्होंने मजाकिया अंदाज में बताया कि इस शो का कॉन्सेप्ट यह है कि दिनभर की मेहनत से जो भी कमाई होगी, उससे वह अपनी पत्नी को घुमाएंगे, फिराएंगे और स्वादिष्ट व्यंजन खिलाएंगे। इसके बाद पान की दुकान, कचौड़ी-जलेबी के ठेले और गंगा घाट पर नाव में सवारी बैठाते हुए भी उनके कई दृश्य फिल्माए गए। दृश्य तब और रोमांचक हो गया जब सांसद महोदय भीड़भाड़ वाली सड़क पर खुद रिक्शा खींचते नजर आए।
शुरुआत में राहगीर और स्थानीय लोग यह दृश्य देखकर चौंक गए, लेकिन जब कैमरे, लाइट्स और 'एक्शन' की आवाज सुनाई दी, तो सभी समझ गए कि शूटिंग चल रही है। देखते ही देखते मौके पर भारी हुजूम जुट गया और प्रशंसकों ने अपने चहेते कलाकार को घेर लिया।
जब लोग उनके साथ सेल्फी लेने की होड़ में लगे, तो मनोज तिवारी ने बनारसी अंदाज में चुटकी लेते हुए कहा—"सेल्फी क भी पईसा लागी हो!" उनकी यह बात सुनते ही पूरा इलाका ठहाकों और "हर-हर महादेव" के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा।
इस शूटिंग में डॉ. मनोज तिवारी के साथ उनकी पत्नी सुरभि तिवारी, प्रभुनाथ, अमित, सेवा रमानी, आनंद और शुभम अन्ना सहित स्थानीय कलाकार भी अहम किरदारों में शामिल रहे। यह शो अक्टूबर के अंत तक प्रसारित किया जाएगा, जिसे लेकर दर्शकों और बनारस के लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
