वाराणसी में आश्रम में रुकी विदेशी साध्वी के साथ तीन साधुओं ने की छेड़खानी Varanasi news
शिवपुर थाना क्षेत्र के समीप के एक आश्रम में रुकी जर्मनी की एक साध्वी ने आश्रम के तीन साधुओं पर लगाया छेड़खानी का सनसनीखेज आरोप लगाया है।
वाराणसी, जेएनएन। शिवपुर थाना क्षेत्र के समीप के एक आश्रम में रुकी जर्मनी की एक साध्वी ने आश्रम के तीन साधुओं पर लगाया छेड़खानी का सनसनीखेज आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची शिवपुर पुलिस ने एक साधु को गिरफ्तार कर लिया है जबकि दो आरोपित साधु अभी फरार हैं। पुलिस इस गंभीर मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
जानकारी अनुसार जर्मनी निवासी एक 32 वर्षीय साध्वी 28 जुलाई की रात में शिवपुर थानाक्षेत्र के एक आश्रम में रुकी थी। महिला के साथ रहने वाले उसके साधु भाई करननाथ भी ठहरे हुए थे। महिला का आरोप है कि सोमवार की रात में आश्रम में मौजूद तीन साधुओं ने महिला के साथ छेड़खानी का प्रयास किया। उसके बाद महिला साध्वी ने उनका विरोध कर किसी तरह खुद का बचाव किया।
उसके बाद मंगलवार को सुबह 9 बजे अपने साधु भाई के साथ साध्वी शिवपुर थाने में पहुंची और शिकायत दर्ज करायी। सूचना पर आश्रम में पहुंची पुलिस ने एक साधु को गिरफ्तार कर लिया जबकि दो साधु मौके से फरार हो गए। शिवपुर पुलिस फरार दोनों साधुओं को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दे रही है।
बोले कैंट सीओ : साध्वी ने तीन साधुओं पर छेड़खानी के प्रयास का आरोप लगाया है, इस मामले में एक साधु को हिरासत में ले लिया गया है। दो साधु अभी फरार हैं उनकी गिरफ्तारी का प्रयास चल रहा है।
- अनिल कुमार, सीओ कैंट।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप