हत्यारोपितों को कोर्ट परिसर में मारने पहुंचे बदमाश, भागकर कोर्ट कक्ष में आकर लगाई सुरक्षा की गुहार
चंदवक क्षेत्र के भूलनडीह निवासी बृजेश सिंह की गोली मारकर हत्या करने के मामले में जेल में बंद आरोपितों पर दीवानी न्यायालय में पेशी पर जाते समय बदमाशों ने हमला करने का प्रयास किया।
जौनपुर, जेएनएन। चंदवक थाना क्षेत्र के भूलनडीह निवासी बृजेश सिंह की गोली मारकर हत्या करने के मामले में जेल में बंद आरोपितों पर दीवानी न्यायालय में पेशी पर जाते समय बदमाशों ने हमला करने का प्रयास किया। दोनों भागकर पुलिस कर्मियों के साथ संबंधित कोर्ट कक्ष में पहुंच गए। इसके बाद बदमाश लौट गए।
चंदवक थाना क्षेत्र में हुए दोहरे हत्याकांड में मृत राधेश्याम सिंह का सोनू सिंह साला व उमाशंकर चचेरा भाई है। दोनों बृजेश सिंह की हत्या में आरोपित हैं।बुधवार को दोनों ने कोर्ट में दरखास्त दिया कि जेल में उन्हें जानकारी मिली है कि उनकी हत्या की सुपारी दी गई है। पिछले दो-तीन तिथियों से जिला कारागार से दीवानी न्यायालय आने के बाद लाकअप से पेशी पर जाते समय तीन-चार संदिग्ध व्यक्ति दीवानी लाकअप के आस-पास घूमते नजर आते हैं। वह न्यायालय कक्ष जाते समय छिपकर पीछा करते और घूरते रहते हैं।
पेशी के दौरान दीवानी के लाकअप से न्यायालय आते समय दो संदिग्ध व्यक्ति लाकअप के पास खड़े थे। बाहर निकलते हुए देखते ही एक व्यक्ति मोबाइल निकाल कर किसी से बात करने लगा। सीजेएम तिराहे के पास जब तक हम लोग पहुंचे तो तीनों व्यक्ति उन्हें देखकर उनकी तरफ लपके। हम लोग दौड़ते हुए पुलिस कर्मियों के साथ न्यायालय कक्ष में प्रवेश कर गए, तब बदमाश वापस लौट गए। आरोपितों ने आशंका जताई कि उनकी हत्या न्यायालय में पेशी के दौरान या जेल में हो सकती है। दोनों ने कोर्ट से सुरक्षा की गुहार लगाते हुए दरखास्त दिया। हाल ही में एक अन्य आरोपित को मारने के लिए प्रतापगढ़ से बदमाश आए थे। वह भी चौकन्ना था। भाग कर कोर्ट में प्रवेश कर गया था। दीवानी न्यायालय के गेट पर कोई चेकिंग न होना किसी दिन बड़ी घटना का सबब बन सकता है। आए दिन इस तरह की घटना न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्नचिन्ह है।