ईमानदारी की दी मिसाल तो रोमानिया की माइला बोलीं थैंक्स 'इंडियन पोलिस'
शनिवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन चंदौली पर ट्रेन बदलने के दौरान एक उचक्के ने रोमानिया की एक विदेशी महिला के बैग पर झपट्टा मारा और सरपट भागने लगा।
चंदौली, जेएनएन। राजकीय रेलवे पुलिस और आरपीएफ के जवानों की मुस्तैदी ने रोमानिया की महिला यात्री माइला आर्सेनी का दिल जीत लिया। शनिवार को दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर ट्रेन बदलने के दौरान एक उचक्के ने विदेशी महिला के बैग पर झपट्टा मारा और सरपट भागने लगा। महिला के हेल्प.. हेल्प.. चिल्लाने पर जीआरपी और आरपीएफ इंटेलिजेंस के जवानों का ध्यान उचक्के पर गया। गजब की तत्परता दिखाते हुए भाग रहे चोर को मौके से दबोच लिया गया। बैग मिलने के बाद गदगद माइला बोलीं - थैंक्स इंडियन पोलिस और अपने गंतव्य को रवाना हो गईं।
रोमानिया की 62 वर्षीय महिला यात्री माइला आर्सेनी शनिवार को ट्रेन से नई दिल्ली से पीडीडीयू जंक्शन पहुंचीं। गया जाने के लिए पुरुषोत्तम एक्सप्रेस ट्रेन पकड़ने वह प्लेटफार्म संख्या एक पर पहुचीं। फोन पर बात कर रहीं थीं कि तभी मौका देखकर एक उचक्का उनका बैग लेकर भागने लगा। घटना से हतप्रभ महिला मदद के लिए चिल्लाने लगी। प्लेटफार्म पर मौजूद जीआरपी और आरपीएफ इंटेलिजेंस के जवानों को जानकारी हुई तो मुस्तैदी दिखाते हुए घेरेबंद कर चोर को पकड़ लिया। महिला यात्री को सकुशल उसका बैग वापस कर दिया गया। जवानों की तेजी विदेशी महिला को कायल कर गई। उन्होंने टीम को धन्यवाद दिया और काफी प्रशंसा भी की।
जवानों ने महिला को सम्मान के साथ गया जाने वाली पुरुषोत्तम एक्सप्रेस ट्रेन में बैठाया। खाकी के इस कार्य की काफी चर्चा रही, माैके पर मौजूद अन्य यात्रियों ने भी सराहना की। आरपीएफ पोस्ट प्रभारी बीएन मिश्रा और जीआरपी एसएसआई राजेश कुमार ने बताया कि टीम का कार्य सराहनीय रहा। चोर का विभिन्न धाराआें में चालान कर दिया गया है।