काशी में हरितालिका तीज पर बिखरे मेहंदी के रंग, हथेलियों में निखरी हिना की उत्सवी सुवास
वाराणसी में हरितालिका तीज पर संकल्प संस्था ने श्री हरिश्चंद्र बालिका इंटर कॉलेज में मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया। इसमें ...और पढ़ें

वाराणसी में हरितालिका तीज मेहंदी प्रतियोगिता: छात्राओं ने दिखाई अद्भुत कला और रचनात्मकता।
HighLights
संकल्प संस्था ने हरिश्चंद्र बालिका इंटर कॉलेज में मेहंदी प्रतियोगिता कराई।
छात्राओं ने हरितालिका तीज पर अपनी रचनात्मकता और कला का प्रदर्शन किया।
यह आयोजन भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर बना।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। हरितालिका तीज के अवसर पर सामाजिक संस्था संकल्प द्वारा श्री हरिश्चंद्र बालिका इंटर कॉलेज, मैदागिन में मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में कॉलेज की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मेहंदी कला के माध्यम से अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
संस्कृति और संस्कार से जुड़े इस आयोजन में छात्राओं ने संकल्प संस्था की सदस्याओं, कॉलेज की शिक्षिकाओं और अतिथियों के हाथों पर मेहंदी लगाकर अपनी कला का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता को लेकर छात्राओं में विशेष उत्साह और हर्षोल्लास का माहौल बना रहा।
प्रतियोगिता का आयोजन सीनियर और जूनियर वर्ग में किया गया। निर्णायक मंडल की सदस्य मोनिका साहू और डाइटिशियन निशा प्रकाश ने छात्राओं की मेहंदी की डिजाइन, कलात्मकता, रचनात्मकता और सुंदरता के आधार पर मूल्यांकन किया।
सीनियर वर्ग में नव्या सेठ, सुबुही और अलशिका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मिस्बा फातिमा, राधिका कसेरा और लक्ष्मी पांडेय ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि इच्छा, गहना और नंदिनी तृतीय स्थान पर रहीं। आरती, साधना और आरजू बेगम को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
जूनियर वर्ग में किंजल ने प्रथम, तृप्ति ठठेरा ने द्वितीय और खुशबू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेता प्रतिभागियों को संकल्प संस्था की ओर से पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम संयोजिका गीता जैन ने कहा कि हरितालिका तीज हमारी समृद्ध लोक परंपरा और संस्कृति से जुड़ा पर्व है। मेहंदी प्रतियोगिता के माध्यम से छात्राओं को अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और त्योहारों की परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिला। ऐसे आयोजन छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें अपनी संस्कृति और संस्कारों को करीब से समझने का अवसर प्रदान करते हैं।
इससे पूर्व अंगवस्त्र पहनाकर प्रधानाचार्या डॉ. प्रियंका तिवारी ने अतिथियों और निर्णायक मंडल का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन छात्राओं की प्रतिभा को निखारने के साथ ही उन्हें भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं। प्रतियोगिता में छात्राओं की प्रतिभा और उत्साह देखकर यह स्पष्ट है कि हमारी सांस्कृतिक परंपराएं आज भी नई पीढ़ी में जीवंत हैं।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से संकल्प संस्था की गीता जैन, सुनीता अग्रवाल, वंदना अग्रवाल, प्रगति अग्रवाल, प्रधानाचार्या डॉ. प्रियंका तिवारी, कंचन बाला, शशि श्रीवास्तव, रंजना गिरी, गीता वर्मा और सुनीता सिंह सहित कॉलेज की शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
