विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी में मौलाना हसीन अहमद को इंटरनेट मीडिया पर सिर काटने की धमकी, पांच के खिलाफ मुकदमा

By Anurag Singh Edited By: Abhishek sharma
Published: Thu, 03 Sep 2026 10:54 AM (IST)

बारावफात जुलूस विवाद के बाद मौलाना हसीन अहमद को सोशल मीडिया पर जान से मारने और सिर काटने की धमकी ...और पढ़ें

वाराणसी में मौलाना हसीन अहमद को सोशल मीडिया पर मिली सिर काटने की धमकी।

वाराणसी में मौलाना हसीन अहमद को सोशल मीडिया पर मिली सिर काटने की धमकी।

HighLights

  1. मौलाना हसीन अहमद को सोशल मीडिया पर धमकी मिली।

  2. बारावफात जुलूस विवाद के बाद धमकी दी गई।

  3. पांच लोगों के खिलाफ भेलूपुर थाने में केस दर्ज।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। बारावफात जुलूस को लेकर विवाद के बाद सदर काजी-ए-शहर बनारस व बादशाहबाग शाही जामा मस्जिद के शाही इमाम मौलाना हसीन अहमद ने भेलूपुर थाने में तहरीर देकर इंटरनेट मीडिया पर गाली-गलौज, बदनाम करने और सिर काटने की धमकी देने का आरोप लगाया है। उन्होंने पांच लोगों पर आरोपित लगाया है, जिसके खिलाफ केस दर्ज कर भेलूपुर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

तहरीर के अनुसार, मौलाना हसीन अहमद वर्ष 1998 से 12 रबीउल अव्वल (बारावफात) जुलूस का आयोजन कराते आ रहे हैं। वर्ष 2025 और 2026 में जिला प्रशासन ने जुलूस में लाउडस्पीकर व बैनर लगी सिर्फ 100 गाड़ियों की अनुमति दी थी। प्रशासन के निर्देश पर उन्होंने 100 गाड़ियों की सूची भी उपलब्ध कराई।

आरोप है कि कुछ लोगों ने प्रशासन की पाबंदी को मौलाना की ओर से लगाई गई पाबंदी बताकर जनता को भड़काया। 24 अगस्त को डायमंड होटल, भेलूपुर में हुई बैठक में अधिकारियों ने संबंधित लोगों को प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा था।

तहरीर में आरोप है कि इसके बावजूद बिना पास वाली कई गाड़ियां जुलूस में शामिल करने का प्रयास किया गया। पुलिस द्वारा उन्हें रोकने के बाद मौलाना को जिम्मेदार ठहराते हुए इंटरनेट मीडिया पर दुष्प्रचार शुरू किया गया। आरोप है कि वाट्सएप, इंस्टाग्राम और फेसबुक पर मौलाना व उनके परिवार को गालियां, जान से मारने की धमकी तथा उनका सिर चौराहे पर काटने जैसी पोस्ट की गईं। घर आकर और रास्ते में रोककर भी धमकी देने का आरोप है।

मौलाना ने खलील उर्फ भैय्यन, मुश्फेकीन रजा, हाफिज खैरुल बशर, गुलाम मुरसलीन और ओसामा मलिक समेत अन्य लोगों पर आरोप लगाए हैं। उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर मनमाना पोस्ट करने के लिए संबंधी आइडी का विवरण भी पुलिस को दिया है। धमकी भरे पोस्ट का स्क्रीन शाट भी पुलिस को सौंपा है।