विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

काशी में गरबा-डांडिया महोत्सव में मारवाड़ी महिलाओं ने बांधा समां, डांडिया पर थिरकीं

By Digital Desk Edited By: Abhishek sharma
Published: Tue, 27 Oct 2026 08:29 PM (IST)

वाराणसी में मारवाड़ी महिला संगठन ने गरबा और डांडिया महोत्सव का भव्य आयोजन किया, जिसमें पारंपरिक परिधानों और मधुर संगीत ...और पढ़ें

वाराणसी में मारवाड़ी महिला संगठन ने गरबा डांडिया महोत्सव से बिखेरी संस्कृति की छटा।

वाराणसी में मारवाड़ी महिला संगठन ने गरबा डांडिया महोत्सव से बिखेरी संस्कृति की छटा।

HighLights

  1. मारवाड़ी महिला संगठन ने वाराणसी में गरबा डांडिया महोत्सव आयोजित किया।

  2. रंग-बिरंगे परिधानों में महिलाओं ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किए।

  3. गणेश वंदना, भजन और सामूहिक डांडिया ने समां बांधा।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। मारवाड़ी महिला संगठन की ओर से मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026 को लक्सा स्थित मारवाड़ी समाज भवन में गरबा एवं डांडिया महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों, मधुर संगीत और डांडिया की खनक के बीच कार्यक्रम में मारवाड़ी संस्कृति, परंपरा और आपसी सौहार्द की झलक देखने को मिली। संगठन की सदस्याओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी कर आयोजन को यादगार बनाया।

कार्यक्रम का शुभारंभ संगठन की पूर्व अध्यक्षाओं ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद नैनी बाजोरिया ने गणेश वंदना और दुर्गा माता का भावपूर्ण भजन प्रस्तुत किया। उनकी सुमधुर प्रस्तुति से परिसर भक्तिमय हो उठा।

नव निर्वाचित अध्यक्षा अनिता गिनोड़िया ने पूर्व अध्यक्षाओं और समाज के वरिष्ठजनों का स्वागत कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने मारवाड़ी समाज के सदस्यों से संगठन के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और समृद्ध संस्कृति तथा परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की अपील की।

समाज की कन्याओं ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। इसके बाद अध्यक्षा अनिता गिनोड़िया, सचिव प्रीति केजरीवाल और सदस्याओं सुजाता, समता, मेघा, दीपा, मेघना, अनु, दीपाली तथा संगीता ने ‘अम्बे तू जगदंबे मां’ गीत पर सामूहिक नृत्य किया। प्रस्तुति को उपस्थित लोगों ने सराहा।

कार्यक्रम का संचालन संयोजिकाओं समता डिडवानिया, मेघा यादुका, दीपा तुलस्यान और मेघना बाजोरिया ने किया। इसके बाद सदस्याओं ने सामूहिक रूप से डांडिया खेला और उत्सव का आनंद लिया।

विभिन्न प्रतियोगिताओं में भी सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रंगीन परिधानों और संगीत से सजा परिसर उत्साह और उल्लास से भर गया। उपस्थित लोगों ने स्वादिष्ट व्यंजनों का भी आनंद लिया। अंत में सचिव प्रीति केजरीवाल ने अतिथियों, वरिष्ठजनों और सदस्याओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।