Move to Jagran APP

ससुराल में विवाहिता ने लगाई फांसी, मायके वालों ने लगाया हत्या और दहेज उत्पीड़न का आरोप

भेलूपुर थाना क्षेत्र के विरदोपुर (बैजनत्था) में एक विवाहिता ने फांसी के फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर ली।

By Abhishek SharmaEdited By: Published: Fri, 18 Sep 2020 02:27 PM (IST)Updated: Fri, 18 Sep 2020 05:05 PM (IST)
ससुराल में विवाहिता ने लगाई फांसी, मायके वालों ने लगाया हत्या और दहेज उत्पीड़न का आरोप
ससुराल में विवाहिता ने लगाई फांसी, मायके वालों ने लगाया हत्या और दहेज उत्पीड़न का आरोप

वाराणसी, जेएनएन। भेलूपुर थाना क्षेत्र के विरदोपुर (बैजनत्था) में एक विवाहिता ने फांसी के फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर ली। जानकारी होने के बाद पहुंचे मायके वालों ने विवाहिता की हत्या और दहेज उत्पीड़न का आरोप ससुराल पक्ष पर लगाया है। जानकारी होने के बाद पहुंची पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और उसके पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।

loksabha election banner

विरदोपुर (बैजनत्था) में रोहनिया थाना क्षेत्र स्थित भदवर गांव के राजेश सिंह अपने भाइयों के साथ मकान बनवाकर भूतल पर रहते हैं। उनके छोटे बेटे और कोरियर सेवा में कार्यरत अंकित राय का विवाह इसी वर्ष 25 जून को भदोही जिले के मई गांव (हरदव पट्टी) निवासी संतोष कुमार सिंह की दूसरी बेटी शीतल उर्फ मन्नू (22) के साथ हुई थी। संतोष सिंह मुंबई में टैम्पो चलाते हैं। लॉक डाउन की अवधि में अपने गांव सपरिवार आ गए।

जानकारी होने के बाद पिता संतोष कुमार सिंह व माता संध्या सिंह ने बेटी की हत्या कर पंखे के सहारे लटकाए जाने का आरोप लगाया है। पिता ने आरोप लगाया कि दहेज में सिकड़ी, 15 लाख रुपया नकद, चार पहिया वाहन मांगा गया था। बताया कि तीन लाख नकद और दो लाख का सामान कोशिश करके किसी तरह दिया था। ससुराल वाले फोन पर बाकी रकम और चार पहिया वाहन के लिए दबाव बना रहे थे। मृतका शीतल की मां संध्या सिंह ने बताया कि गुरुवार की रात 8 बजे दामाद ने मुझे फोन किया और कहा कि मम्मी शीतल कैसे रहना चाहती है। इसके बाद मां ने फोन शीतल के दादा राजेन्द्र सिंह को दे दिया। उन्होंने लगभग 45 मिनट तक पति से बात की। मां ने बताया कि मेरी शीतल से बात हुई लेकिन उसने कुछ भी नही बताया बल्कि हंसने लगी। मां के अनुसार शीतल के मौत की सूचना एक किराएदार ने फोन पर सुबह 6 बजे दी। आत्महत्या की सूचना पाकर भेलूपुर के कार्यवाहक थाना प्रभारी राजेश पांडेय और महमूरगंज चौकी प्रभारी ईश चन्द्र यादव ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और ससुर राजेश सिंह व पति अंकित राय को गिरफ्तार कर लिया।

चारों बेटियां को बेटों के समान पाला

मृत शीतल की मां ने रोते बिलखते हुए बताया कि मेरी चार बेटियां ही हैं। मैंने उन्हें बेटों के समान माना और पाला है। दो बेटियों की शादी हो चुकी है। मेरी बेटियां कहती हैं कि मां हम लोग तुम्हें बेटे की कमी नहीं खलने देंगी। बेटे की तरह ही तुम्हारा आजीवन ख्याल रखेंगे। मेरी तीसरी बेटी मन्नू इन सबमें उत्साही और हंसमुख थी। उसके चले जाने से मेरा संसार उजड़ गया।

सब कुछ सामान्य चल रहा था

वहीं मकान में रहने वाली वंदना सिंह समेत अन्य किरायेदारों ने ससुराल पक्ष के लोगों को सरल स्वभाव व नेक दिल इंसान बताया। उनके अनुसार राजेन्द्र सिंह के बड़े बेटे राजेश राय की पत्नी गंभीर बीमारी से जूझ रही है। राजेश अपने पांच वर्षीय बेटे का ओपन हार्ट सर्जरी दिल्ली में करा रहे हैं। वे इस समय वहीं पर हैं। सास प्रतिभा राय व ससुर राजेन्द्र सिंह बिस्तर पर पड़ी बड़ी बहू छाया राय की गम्भीर बीमारी के कारण गांव से यहां 9 अगस्त को आए। सब कुछ सामान्य चल रहा था। कोरियर सेवा में कार्य करने वाला पति पत्नी संग गुरुवार की रात में  सोया था। वह जब सुबह चार बजे प्रतिदिन की भांति उठा तो पत्नी शीतल को कमरे में न पाकर ढूंढने लगा। देखा तो बगल के कमरे में दरवाजा अंदर से बन्द था। दरवाजा पीटने के शोर से घर के सभी लोग जाग गए। किरायेदार भी वहां आ गए। रोशनदान से झांक कर देखा गया तो शीतल पंखे के सहारे झूल रही थी। दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा गया और लोगों ने पुलिस को सूचना दी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.