किराए में वृद्धि के विरोध में विश्वेश्वरगंज मंडी में बंदी, दुकानें बंद कर व्यापारियों ने की सभा
नगर निगम की ओर से मनमाने ढंग से दुकानों का किराया बढ़ाए जाने के विरोध में विश्वेश्वरगंज मंडी की दुकानें सोमवार को बंद रही, सात मांगों को लेकर बंदी की गई।
वाराणसी (जेएनएन) । नगर निगम की ओर से मनमाने ढंग से दुकानों का किराया बढ़ाए जाने के विरोध में विश्वेश्वरगंज मंडी की दुकानें सोमवार को बंद रही। सात प्रमुख मांगों को लेकर बंदी की गई। आसपास के अन्य व्यापार मंडलों ने भी दुकानें बंद कर समर्थन में खड़े हुए। दुकानें बंद कर विश्वेश्वरगंज तिराहे पर एक सभा का आयोजन किया गया। विश्वेश्वरगंज भैरोनाथ व्यापार मंडल के अध्यक्ष ने कहा कि हर पांच वर्ष पर 12.5 प्रतिशत किराया बढ़ाया जाता हैं तो अलग से वृद्धि का क्या औचित्य।
कार्यकारिणी में किराए वृद्धि के लिए प्रस्ताव लेने से पूर्व दुकानदारों से भी विमर्श किया जाए। वरासतन के तौर पर स्थापित किराएदारों के नामांतरण के लिए बाध्य न किया जाए। सिकमी किराएदारों को निर्धारित शुल्क नामांतरण हेतु लेकर उनका नामांतरण किया जाए। दुकानों की मरम्मत की अनुमति की बाध्यता को समाप्त किया जाए। किराया समय से लेने के लिए कर्मचारी को निर्देशित किया जाए ताकि विलंब शुल्क न देना पड़े। विशेष परिस्थिति में नगर निगम किराए में वृद्धि करनी हो तो राजस्व विभाग द्वारा प्रस्तावित किराए की सूची दुकानदारों को दी जाए। जिस पर विचार किया जाएं। अन्य वक्ताओं में वाराणसी नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजीव सिंह, सोमनाथ विश्वकर्मा, अशोक अग्रहरि, विनोद सिंह, इरफान बेग, दुर्गादास, अभिषेक केशरी आदि ने संबोधित किया। संचालन मंहामंत्री अलखनाथ गोस्वामी ने किया।
विश्वेश्वरंगज मंडी में दुकानें : 3000
नगर निगम की दुकानें : 300
प्रतिदिन का औसत कारोबार : 50 करोड़
आसपास के मार्केट ने भी दिया समर्थन : किराए वृद्धि के विरोध में विश्वेश्वरगंज व्यापार मंडल के समर्थन में मच्छोदरी, हरतीरथ, गुरुनानक, मालवीय व नेहरू मार्केट के व्यापारियों ने भी समर्थन में दुकानें बंद रखी। विश्वेश्वरगंज सब्जी मंडी व्यवसायी समिति ने भी दुकानें नहीं लगाई।