बलिया में हर्ष फायरिंग को लेकर भिड़े बाराती और घराती, एक दर्जन लोग चोटिल
नशे में धुत होकर हर्ष फायरिंग करने वाले बारातियों को घरातियों द्वारा मना करने पर शुक्रवार की रात मारपीट हुई, मारपीट के दौरान करीब आधा दर्जन बराती भी चोटिल हो गए।
बलिया, जेएनएन। शराब के नशे में धुत होकर हर्ष फायरिंग करने वाले बारातियों को घरातियों द्वारा मना करने पर शुक्रवार की रात जमकर मारपीट हुई। मारपीट के दौरान करीब आधा दर्जन बराती भी चोटिल हो गए। घटना दोकटी थाना क्षेत्र के वाजिदपुर गांव की है, जहां शुक्रवार की रात बैरिया थाना क्षेत्र के गोन्हिया छपरा से ललन सिंह के यहां बारात गई थी। दर्जन भर बराती शराब के नशे में धुत थे जो द्वारपूजा के समय कन्या पक्ष के दरवाजे पर खूब हर्ष फायरिंग कर रहे थे। उस समय घरातियों ने उन्हें नहीं रोका किंतु कन्या निरीक्षण के समय आंगन में पुन: बारातियों द्वारा हर्ष फायरिंग शुरू कर दी गई।
जिस पर घरातियों ने यह कहते हुए एतराज जताया कि छत पर तथा आंगन में काफी महिलाएं बैठी हैं फायरिंग न करें कोई घटना हो सकती है। किंतु बराती कहां मानने वाले थे। जब समझाने पर बाराती नहीं माने तो घरातियों ने उन्हें जबरन रोकना चाहा, तब वे लोग घरातियों से उलझ गए। जिसके बाद घरातियों ने उनकी जमकर धुनाई कर दी। इस घटना के बाद बरात वापस लौटने लगी, तब कुछ गणमान्य लोगों ने समझा-बुझा कर रोका और चोटिल बारातियों की चिकित्सक बुलाकर इलाज कराया। चोटिल बराती रात में ही अपने गांव चले गए।