डीजे पर डांस करने को लेकर जमकर मारपीट, दो पक्षों से नौ लोग घायल, दो की हालत गंभीर Azamgarh news
लालगंज में देवगांव कोतवाली क्षेत्र के उसरौली गांव में शनिवार को रात्रि डांस करने को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई।
आजमगढ़, जेएनएन। लालगंज में देवगांव कोतवाली क्षेत्र के उसरौली गांव में शनिवार को रात्रि डांस करने को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इस मारपीट के दौरान नौ लोग घायल हो गए, इसमें दो लोगों की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार देवगांव कोतवाली क्षेत्र के उसरौली गांव में लालबहादुर के घर लड़का पैदा होने पर बधावा आया था। जिसमें खुशी मनाते हुए गांव के लोग बैंड बाजे पर डांस कर रहे थे। डांस करने को लेकर गांव के ही दो पक्षों में विवाद हो गया। जिसमें अरविंद (35) पुत्र सुखराज, जय हिंद (19) पुत्र सुखराज व प्रियंका (20) पुत्री सुखराज निवासी उसरौली थाना देवगांव जनपद आजमगढ़ घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल अरविंद व जय हिंद को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
वहीं दूसरे पक्ष से रागिनी (18) पुत्री सुरेंद्र, सुरेंद्र (35) पुत्र प्यारेलाल, महेंद्र (45) पुत्र प्यारेलाल, रीमा (40) पत्नी महेंद्र, सोनम (19) पुत्री महेंद्र व काजल (16) पुत्री महेंद्र निवासी उसरौली थाना देवगांव जनपद आजमगढ़ भी घायल हो गयी थी। दूसरे पक्ष के घायलों को भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज ले जाया गया। यहां पर डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छोड़ दिया। वहीं मामले की जानकारी होने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और दाेनों पक्षों का बयान लिया है।