जौनपुर में भीड़ का न्याय : वृद्धा से दुष्कर्म के प्रयास के आरोपित को ग्रामीणों ने पीट पीटकर उतारा मौत के घाट
सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के छुंछा गांव में शुक्रवार की रात वृद्धा से दुष्कर्म के प्रयास के आरोपित को आक्रोशित ग्रामीणों ने पीटकर मरणासन्न कर दिया।
जौनपुर, जेएनएन। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के छुंछा गांव में शुक्रवार की रात वृद्धा से दुष्कर्म के प्रयास के आरोपित को आक्रोशित ग्रामीणों ने पीटकर मरणासन्न कर दिया। लोगों की पिटाई के बाद गंभीर रूप से जख्मी आरोपित ने उपचार के दौरान शनिवार को अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर नामजद नौ आरोपितों में से छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
उक्त गांव निवासी अनुसूचित जाति के मुकेश गौतम पर गांव की ही एक वृद्धा से शौच के लिए जाते समय दुष्कर्म का प्रयास का आरोप लगाते हुए आक्रोशित ग्रामीणों ने शुक्रवार की रात पीटकर मरणासन्न कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने वृद्धा व आरोपित मुकेश गौतम को जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया। इलाज के दौरान शनिवार को मुकेश गौतम ने दम तोड़ दिया। थानाध्यक्ष योगेंद्र यादव ने बताया कि मृत मुकेश गौतम की पुत्री की तहरीर पर नौ नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छह को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं इस मामले में अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।