सोनभद्र में रेणुकूट चेयरमैन का हत्यारा 25 हजार का इनामी बदमाश चंदौली जिले में गिरफ्तार Chandauli news
रेणुकूट नगर पंचायत अध्यक्ष शिवप्रताप सिंह उर्फ बबलू हत्याकांड के मुख्य आरोपित गांधी यादव को पुलिस ने पीडीडीयू नगर जंक्शन से शनिवार की सुबह गिरफ्तार कर लिया।
चंदौली, जेएनएन। रेणुकूट नगर पंचायत अध्यक्ष शिवप्रताप सिंह उर्फ बबलू हत्याकांड के मुख्य आरोपित गांधी यादव को पुलिस ने पीडीडीयू नगर जंक्शन से शनिवार की सुबह गिरफ्तार कर लिया। उसके ऊपर 25 हजार का इनाम घोषित था। आरोपित ने पांच लाख की सुपारी लेकर चेयरमैन की उनके घर में हत्या की थी। पुलिस कर्मियों पर उसने दो फायर झाेंके लेकिन किसी तरह बचते हुए दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपित के पास से एक पिस्टल समेत दो तमंचा और छह कारतूस बरामद हुए।
पकड़े गए बदमाश ने पुलिस को बताया कि 30 सितंबर को उसने चेयरमैन शिवप्रताप सिंह बबलू की पूर्व चैयरमैन अनिल सिंह व उनके भाई बृजेश व पूर्व चेयरमैन जमुना सिंह के कहने पर हत्या की। सासाराम जेल में बंद बाबू सिंह की योजना के अनुसार अपने साथी लव प्रताप सिंह, बुलेट उर्फ विकास सिंह, सुधांशु सिंह, रवि सिंह के साथ मिलकर पांच लाख रुपये की सुपारी ली थी। हत्या के एवज में पांच लाख रुपये में से कुछ पैसा एडवांस में मिल चुका था। शेष पैसा शनिवार को मिलने वाला था। सभी साथी एकत्र होकर पैसे का हिसाब करने वाले थे।
पूर्व में बनी थी हत्या की योजना
उसने व उनके साथियों ने सात सितंबर को रेणुकूट जाकर चेयरमैन की रैकी की थी। उस समय भी हत्या का प्रयास किया था लेकिन बात नहीं बनी। दोबारा वे लोग 29 सितंबर को वहां गए और पूरी तरह से रेकी की। 30 सितंबर को हनुमान सिंह कटरा रेणुकूट में उनके आवास पर घटना को अंजाम दिया।
असलहा की व्यवस्था पूर्व चेयरमैन ने की
गिरफ्तार आरोपित ने बताया कि असलहों और कारतूस की व्यवस्था पूर्व चेयरमैन यमुना सिंह व पूर्व चेयरमैन अनिल सिंह के भाई बृजेश ने की थी। उसने बताया उसका व उनके साथियों का पेशा ही सुपारी लेकर हत्या करना है। वह बिहार के रोहतास जिले के सूरजपुरा थाना के नोनहर गांव का निवासी है।
कैसे पकड़ में आया बदमाश
पुलिस अधीक्षक हेमंत कुटियाल के अनुसार शनिवार की सुबह पुलिस को भनक लगी की एक युवक गांधी यादव असलहों के साथ पीडीडीयू जंक्शन होते हुए सड़क की ओर आ रहा है। जानकारी होते ही प्रभारी निरीक्षक शिवानंद मिश्र मय टीम ने मौके पर पहुंचे। जंक्शन के पिछली तरफ सीढ़ी से वह उतर ही रहा था कि पुलिस कर्मियों को देखते ही उसने पिस्टल से दो फायर झोंक दिए और भागने लगा। पुलिस कर्मी जैसे तैसे बचे और दौड़कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसने सारी कहानी बयां कर दी।