ममता बनर्जी इस्लामिक आतंकी एजेंट, देश के लिए बनीं खतरा, बलिया में बोले यूपी के राज्यमंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला
संसदीय कार्य राज्यमंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को इस्लामिक आतंकवादियों का एजेंट करार दिया है। उन्होंने कहा कि ममता देश के लिए खतरा बन गई हैं। दावा किया कि पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनते ही भाजपा एनआरसी को पूरे दमखम से लागू करेगी।
बलिया, जेएनएन। संसदीय कार्य राज्यमंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को इस्लामिक आतंकवादियों का एजेंट करार दिया है। उन्होंने कहा कि ममता देश के लिए खतरा बन गई हैं। दावा किया कि पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनते ही भाजपा एनआरसी को पूरे दमखम से लागू करेगी।
दुबहड़ ब्लाक में बुधवार को आयोजित किसान मेला में भाग लेने आए राज्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि ममता पश्चिम बंगाल में रोहिंग्या मुसलमान व बांग्लादेश के लोगों का राशन कार्ड बनवा रही हैं। उनकी तमन्ना ग्रेटर बांग्ला बनाने की है। राज्यमंत्री ने कहा कि इस बार पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी। इसके बाद एनआरसी को पूरे दमखम से लागू कराया जाएगा। भाजपा सरकार को किसानों की हितैषी बताते हुए नए कृषि कानून के लाभ बताए। इस दौरान सरकार की ओर से किसानों के हितों में उठाए गए कदमों का उल्लेख किया।
भाजपा सरकार में किसानों को मिल रहे रोजगार के नए अवसर
किसान कल्याण मिशन के अंतर्गत कृषि विभाग उत्तर प्रदेश के सौजन्य से एवं कृषि विभाग बलिया के तत्वावधान में बुधवार को दुबहर ब्लॉक के परिसर में किसान मेला, गोष्ठी एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
कृषि मेला में संसदीय कार्य राज्यमंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला ने कहा कि भाजपा सरकार में किसानों के अनेक बंधन समाप्त होकर रोजगार के क्षेत्र में नए नए-नए अवसर पैदा हो रहे हैं। उन्नत कृषि के कारण किसानों की आय में लगातार वृद्धि हो रही है। अनेक जनहित की योजनाएं अंत्योदय तक निर्बाध गति से पहुंच रही है। नए कृषि बिल का समर्थन करते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पारित कृषि बिल किसानों के कल्याण के लिए बनाया गया है।