Malhani By-Election : एक नवंबर की शाम पांच बजे से थम जाएगा प्रचार, तीन को मतदान
मल्हनी विधानसभा उपचुनाव में तीन नवंबर को मतदान व दस नवंबर को मतगणना की जाएगी। चुनाव प्रचार का कार्य एक नवंबर की शाम पांच बजे थम जाएगा। मल्हनी के तीन लाख 65 हजार 13 मतदाता है। हर राजनीतिक दल अपने पक्ष में मतदान के लिए रणनीति बना रहा है।
जौनपुर, जेएनएन। मल्हनी विधानसभा उपचुनाव में तीन नवंबर को मतदान व दस नवंबर को मतगणना की जाएगी। इसके लिए जिला निर्वाचन विभाग युद्ध स्तर पर मतदान की तैयारियों को पूरा करने में लग गया है। ऐसे में चल रहा प्रचार का कार्य एक नवंबर की शाम पांच बजे थम जाएगा। इसके साथ ही मतदान के एक दिन पूर्व दो नबंर से मल्हनी विधानसभा क्षेत्र की सीमाएं भी सील कर दी जाएंगी। इसे लेकर सभी पार्टियों के बड़े नेताओं का दौरा तेज हो गया है।
चुनाव आयोग के निर्देश पर मतदान से 48 घंटे पर पहले चुनाव प्रचार थम जाता है। ऐसे में प्रत्याशी स्वयं व कुछ समर्थकों के साथ डोर-टू-डोर जनसंपर्क कर सकते हैं। इस दौरान किसी भी बड़े नेताओं की सभा, नुक्कड़ सभा नहीं होती है। मल्हनी विधानसभा चुनाव में सपा, बसपा, भाजपा, कांग्रेस व निर्दल समेत कुल 16 प्रत्याशी मैदान में हैं। ऐसे में मतदान के लिए एक मतदेय स्थल पर दो-दो इवीएम लगाई जाएंगी। सभी 554 मतदेय स्थलों पर पोलिंग पार्टियों की रवानगी दो नवंबर को चौकिया स्थिति नवीन सब्जी मंडी से होगी। इसके लिए वाहनों के अधिग्रहण का कार्य भी एक नवंबर तक कर लिया जाएगा। मल्हनी के तीन लाख 65 हजार 13 मतदाता है। इसमें पुरुष मतदाता एक लाख 90 हजार 563 व महिला मतदाता एक लाख 74 हजार 431 व अन्य मतदाता 19 हैं। कोरोना संक्रमण काल में हो रहे इस चुनाव में कोविड-19 से बचाव के निर्देशों का पालन कराया जाएगा। चुनाव में गिनती के ही कुछ दिन शेष रह गए हैं तो ऐसे में प्रमुख पार्टियों के प्रत्याशियों से लेकर समर्थकों ने पूरी ताकत झोंक दी है। हर कोई अपने पक्ष में मतदान व वोट पलटने के लिए रणनीति बना रहा है। साथ ही जातीय समीकरण व व्यक्तिगत संपर्क को लेकर चुनाव फतह करने में लगे हुए हैं।