Malhani By Election : प्रत्याशियों के खर्च की सीमा बढ़ी तो घटी नकद खर्च की राशि
इस बार चुनाव आयोग की तरफ से प्रत्याशियों के खर्च की सीमा बढ़ाते हुए थोड़ी राहत दी गई तो अधिकतम एक व्यक्ति व फर्म को नकद खर्च की राशि घटा दी गई। वहीं नकद खर्च की धनराशि अधिकतम 10 हजार रुपये होगी। इससे प्रत्याशियों को अवगत करा दिया गया है।
जौनपुर, जेएनएन। मल्हनी विधानसभा उपचुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे नियमों में फेरबदल भी हो रहा है। इस बार चुनाव आयोग की तरफ से प्रत्याशियों के खर्च की सीमा बढ़ाते हुए थोड़ी राहत दी गई तो अधिकतम एक व्यक्ति व फर्म को नकद खर्च की राशि घटा दी गई। नई गाइड लाइन का चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों को पालन करना होगा। नियमों के हिसाब से खर्च का विवरण व्यय रजिस्टर पर भी देना अनिवार्य होगा।
चुनाव आयोग की तरफ से वर्ष 2017 तक के विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों के खर्च की अधिकतम सीमा 28 लाख थी। इसको विधानसभा उपचुनाव में बढ़ाकर 30.80 लाख रुपये कर दिया गया है, वहीं चुनाव में नकद खर्च की धनराशि को घटाकर 10 हजार कर दिया गया है जो 2019 के लोकसभा चुनाव तक 20 हजार रुपये थी। कोई भी प्रत्याशी एक व्यक्ति व फर्म को अधिकतम 10 हजार रुपये दे सकते हैं। इससे अधिक की धनराशि देने पर उसको चेक देना होगा। जिसका रिकार्ड रखा जाएगा।
चुनाव की खर्च की सीमा बढ़ाकर 30.80 लाख कर दी गई है
लेखा टीम प्रभारी वरिष्ठ कोषाधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि चुनाव आयोग की नई गाइड लाइन के अनुसार विधानसभा चुनाव की खर्च की सीमा बढ़ाकर 30.80 लाख कर दी गई है। वहीं नकद खर्च की धनराशि अधिकतम 10 हजार रुपये होगी। इससे प्रत्याशियों को अवगत करा दिया गया है।