महानगरी एक्सप्रेस का 21 सितंबर से वाराणसी कैंट स्टेशन पर होगा ठहराव, रेलवे बोर्ड ने जारी किया नया शेड्यूल
महानगरी एक्सप्रेस का ठहराव 21 सितंबर से वाराणसी कैंट स्टेशन पर शुरू होगा। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में पांच मिनट के लिए रुकेगी।

21 सितंबर से कैंट स्टेशन पर रुकेगी महानगरी एक्सप्रेस।
HighLights
महानगरी एक्सप्रेस का वाराणसी कैंट स्टेशन पर ठहराव शुरू।
यह बदलाव 21 सितंबर से प्रभावी होगा दोनों दिशाओं में।
यात्रियों की मांग पर पांच मिनट का स्टॉपेज मिलेगा।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। सात महीने पहले बनारस स्टेशन स्थानांतरित महानगरी एक्सप्रेस का ठहराव 21 सितंबर से कैंट स्टेशन पर शुरू हो जाएगा। ये ट्रेन यहां दोनों दिशाओं में पांच मिनट के लिए रुकेगी।
यात्रियों की परेशानी को देखते हुए जनप्रतिनिधियों से लगायत रेल यूनियनों ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, रेलवे बोर्ड समेत अन्य उच्चाधिकारियों को पत्र लिखे। प्रमुख सामाजिक संगठनों ने भी इस ट्रेन का कैंट स्टेशन पर ठहराव करने की पुरजोर मांग उठाई।
इसके बाद रेलवे बोर्ड ने इस ट्रेन के 21 सितंबर से प्रायोगिक तौर पर ठहराव का नोटिफिकेशन जारी कर दिया। अब बनारस-मुम्बई सीएसएमटी महानगरी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या-22178) 21 सितंबर से बनारस स्टेशन से सुबह 9.30 बजे प्रस्थान करेगी।
अभी यहां से ट्रेन के चलने का समय सुबह 9.35 बजे है। अब यह गाड़ी पांच मिनट पहले चलकर सुबह 9.50 बजे कैंट स्टेशन आएगी। निर्धारित ठहराव के बाद यहां से सुबह 9.45 बजे मुम्बई को रवाना होगी।
वहीं, मुम्बई सीएसएमटी-बनारस महानगरी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या-22177) 21 सितंबर को सुबह 3.22 बजे कैंट स्टेशन पहुंचेगी और निर्धारित स्टॉपेज के बाद सुबह 3.27 बजे बनारस स्टेशन को प्रस्थान करेगी। यहां सुबह 3.45 बजे पहुंचेगी।
यह भी पढ़ें- वाराणसी में दौड़ेंगी 250 नई AC इलेक्ट्रिक बसें, शहर से गांव तक मजबूत होगी परिवहन कनेक्टिविटी
