प्रदूषण से परेशान शहर के लोगों का कारवां पहुंचा अब माधव पार्क तक, आज से शुरू हो गया श्रमदान
प्रदूषण से परेशान शहर के लोगों ने अब पार्को को संवारने के संकल्प को पूरा करने के लिए कदम बढ़ा दिए है।
वाराणसी, जेएनएन। प्रदूषण से परेशान शहर के लोगों ने अब पार्को को संवारने के संकल्प को पूरा करने के लिए कदम बढ़ा दिए हैं। दैनिक जागरण के आह्वान पर एक-एक कर पार्को को संवारने का कार्य किया जा रहा है। हाल में गणेश धाम में एक पार्क तो साकेत नगर के दो पार्को में श्रमदान किया गया। पर्यावरण प्रेमियों का यह कारवां अब नगवां के माधव पार्क तक पहुंच चुका है। रविवार से इस पार्क में श्रमदान होगा। सृजन सामाजिक विकास न्यास संस्था के अध्यक्ष अनिल सिंह की अगुवाई में पार्क संवारने का कार्य किया जाएगा।
इसमें स्थानीय पार्षद रवींद्र सिंह की सहभागीता रहेगी। नगर निगम प्रशासन भी सहयोगी होगा। वहीं शनिवार को जवाहर नगर एक्सटेंशन स्थित आशीर्वाद पार्क में लोग जुटे और श्रमदान किया। यह क्रम कई दिनों से चल रहा है। राजेश खत्री, राकेश टंडन, सवरू शर्मा, राहुल पटेल, आलोक कुमार सिंह, देवांश शाह, विशाल सिंह, नंदन सोनकर, रामकृष्ण गुप्ता, गौतम सिंह आदि ने श्रमदान किया। राकेश टंडन ने सभी को पार्क को स्वच्छ व हराभरा रखने के लिए संकल्प दिलाया। पार्क में सफाई की और पौधों को पानी दिया। वहीं साकेत नगर पार्क में सृजन संस्था के अनिल सिंह के साथ मनीषा सिंह, अंजू सिंह, आर्या, दक्षिका, संजय, बिंदू सिंह, श्वेता सिंह, अनूपमा सिंह आदि ने रोपे गए पौधों को पानी दिया।
- कौशलेश व गांधी नगर पार्क भी पार्षद कमल पटेल व पूर्व पार्षद वरुण सिंह की अध्यक्षता में साकेत नगर कालोनी में एक बैठक हुई। इसमें तय हुआ कि साकेत नगर पार्क को पूरी तरह संवारने के बाद कौशलेश नगर व गांधी नगर पार्क को संवारा जाएगा। इस बैठक में सत्यप्रकाश सोनकर सोनू, संजय प्रियदर्शी, वीरेंद्र यादव, संजय यादव, विकास साहनी आदि मौजूद थे।