विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लोलार्क कुंड में संतान प्राप्ति के लिए सात साल बाद दुर्लभ संयोग, उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़

Published: Wed, 16 Sep 2026 12:18 AM (IST)

वाराणसी के लोलार्क कुंड में संतान प्राप्ति की कामना से लोलार्क छठ पर्व पर श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया है।

भदैनी स्थित ऐतिहासिक लोलार्क कुंड का निरीक्षण करते महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल

भदैनी स्थित ऐतिहासिक लोलार्क कुंड का निरीक्षण करते महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल

जागरण संवाददाता, वाराणसी। संतान प्राप्ति की कामना से भदैनी स्थित लोलार्क कुंड में स्नान के लिए आस्थावानों के आगमन का सिलसिला मंगलवार से ही शुरू हो गया। 17 सितंबर को लोलार्क छठ (लोलार्क षष्ठी) के लिए बुधवार को मध्य रात्रि से ही कुंड में स्नान और दर्शन पूजन का सिलसिला शुरू हो जाएगा।

ज्योतिषाचार्यों के मुताबिक इस वर्ष लोलार्क छठ पर सात साल बाद राजयोग और पांच महापुरुष योग का दुर्लभ संयोग बन रहा है। सर्वार्थ सिद्धि योग बनने से इस पर्व पर किए गए स्नान और पूजन का फल कई गुना बढ़ जाएगा।

काशी हिंदू विश्वविद्यालय के ज्योतिष विभाग के प्रो. सुभाष पांडेय के अनुसार भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि 16 सितंबर की सुबह 8:55 बजे से शुरू होकर 17 सितंबर की सुबह 10:26 बजे तक रहेगी।

उदया तिथि की मान्यता के चलते यह पर्व 17 सितंबर को ही मनाया जाएगा। स्नान का क्रम ब्रह्म मुहूर्त में सुबह 3:55 बजे से ही शुरू हो जाएगा।

सुबह 5:41 से 6:30 बजे तक विजय मुहूर्त रहेगा, जो शारीरिक बाधाओं और शत्रुओं पर विजय दिलाता है। स्नान और पूजा का सर्वोत्तम मुहूर्त सुबह 6:31 बजे से 10:26 बजे तक रहेगा। हालांकि, इसके बाद सूर्यास्त तक दर्शन और स्नान का सिलसिला अनवरत चलता रहेगा।

मान्यता है कि जिन दंपत्तियों को संतान सुख नहीं मिल रहा है, वो विधि-विधान से इस कुंड में स्नान करें तो उनकी गोद भर जाती है। इस पर्व पर पूर्वांचल के विभिन्न जिलों के अलावा बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश व छत्तीसगढ़ से भी दंपति संतान कामना को लेकर कुंड में डुबकी लगाने और लोलार्केश्वर महादेव के दर्शन के लिए आते है।

गोदौलिया मार्ग तक बैरिकेडिंग, छाया के लिए लगाए पर्दे

लोलार्क षष्ठी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी चाक-चौबंद इंतजाम में जुटा है। श्रद्धालुओं की कतार के लिए कुंड से लेकर सोनारपुरा चौराहा से आगे गोदौलिया मार्ग तक बैरिकेडिंग करायी गई है।

श्रद्धालुओं को धूप से बचाने के लिए बैरिकेडिंग के ऊपर पर्दे भी लगाए गए है। नगर निगम के अधिकारियों ने साफ- सफाई के लिए भी टीम तैनात की है। वहीं, कुंड की ओर जाने वाली गलियों की भी मरम्मत की गई है।

षष्ठी पर सीधे कुंड के जल पर पड़ती है सूर्य की किरणें

लोलार्क कुंड की बनावट ऐसी है कि भाद्रपद षष्ठी तिथि पर सूर्य की किरणें सीधे कुंड के जल पर पड़ती हैं। लोलार्क का शाब्दिक अर्थ 'चंचल सूर्य' है। पौराणिक कथाओं के अनुसार सूर्यदेव के रथ का पहिया यहीं धंसा था, जिससे वहां जलधारा फूट पड़ी। पश्चिम बंगाल के कूच विहार के राजा ने यहां स्नान कर चर्म रोग से मुक्ति पाई थी और उन्हें पुत्र रत्न की प्राप्ति भी हुई थी।

फल में सुई चुभोने की भी परंपरा

लोलार्क षष्ठी पर स्नान के बाद एक पंरपरा भी निभाई जाती है। श्रद्धालु कुंड में स्नान करने के बाद फल खरीदते हैं और उसमें सुई चुभोते हैं। इसे सूर्य की किरणों का प्रतीक माना जाता है।