वाराणसी में लाइसेंसी पिस्टल से कारोबारी ने खुद को मारी गोली, गंभीर स्थिति में अस्पताल में भर्ती
वाराणसी के पांडेयपुर में 50 वर्षीय कारोबारी विजेंद्र कुमार सोनी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली, ...और पढ़ें

वाराणसी में कारोबारी ने लाइसेंसी पिस्टल से खुद को मारी गोली, हालत गंभीर।
HighLights
वाराणसी में 50 वर्षीय कारोबारी ने लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारी।
गंभीर रूप से घायल कारोबारी बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती, हालत नाजुक।
पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही, परिवार सदमे में।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। कैंट थाना क्षेत्र के पांडेयपुर इलाके में गुरुवार सुबह करीब पांच बजे उस समय हड़कंप मच गया जब करीब 50 वर्षीय विजेंद्र कुमार सोनी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से अपने ही सिर में गोली मार ली। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद परिजन और आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे। और आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए सिंह मेडिकल फिर बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले गए। जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है और इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार पांडेयपुर निवासी विजेंद्र सोनी रोजाना की तरह गुरुवार सुबह करीब पांच बजे घर से टहलने के लिए निकले थे। घर से लगभग 30 मीटर आगे पहुंचने के बाद उन्होंने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से अपने सिर में गोली चला दी। गोली की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे। और घायल विजेंद्र को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
परिजनों के अनुसार विजेंद्र तीन भाइयों में दूसरे नम्बर पर हैं। उनके बड़े भाई हरेन्द्र सोनी और छोटे भाई जितेंद्र सोनी हैं। परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा,एक बेटी और माता जी भी रहती है। अचानक हुई इस घटना से पूरा परिवार सदमे में है। परिजनों का कहना है कि परिवार में किसी तरह की बड़ी परेशानी या विवाद की जानकारी उन्हें नहीं थी। ऐसे में विजेंद्र ने यह कदम क्यों उठाया। इसकी वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।
बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में चिकित्सकों ने जांच और एक्स-रे के बाद सिर में फंसी गोली को निकालने के लिए ऑपरेशन की आवश्यकता बताई है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजनों की चिंता बढ़ी हुई है।
इधर घटना की सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य संकलित किए।पुलिस ने घटना की परिस्थितियों की भी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस परिजनों और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल आत्महत्या का प्रयास करने के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
