विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी में इस बार मिंट हाउस के पास दिखा तेंदुआ, लोगों में दहशत के बीच खतरा बरकरार

By pandey jayprakash(01) Edited By: Abhishek sharma
Published: Mon, 26 Oct 2026 12:27 PM (IST)

वाराणसी में सेंट मेरिज स्कूल, 39 जीटीसी और मिंट हाउस के पास लगातार तेंदुआ देखा गया है, जिससे लोगों में ...और पढ़ें

वाराणसी में मिंट हाउस के पास फिर दिखा तेंदुआ, शहर में दहशत बरकरार।

वाराणसी में मिंट हाउस के पास फिर दिखा तेंदुआ, शहर में दहशत बरकरार।

HighLights

  1. वाराणसी में मिंट हाउस के पास फिर दिखा तेंदुआ।

  2. वन विभाग और छावनी बोर्ड की टीमें तलाश में।

  3. तेंदुआ न पकड़े जाने से लोगों में दहशत।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। सेंट मेरिज स्कूल परिसर में पिछले गुरुवार को भोर में दिखा तेंदुआ शनिवार की रात 39 जीटीसी क्षेत्र में और रविवार रात में मिंट हाउस के समीप छोटी कटिंग के मैदान में दिखा। इससे इलाके के लोग भयभीत हैं। सूचना पर वन विभाग की टीम रात में ही मौके पर पहुंच गई।

तेंदुए के पैर के निशान देखने के साथ परिसर में छावनी बोर्ड की टीम के साथ संयुक्त रूप से सर्च आपरेशन शुरू कर दिया। समाजसेवी सलीम खान ने बताया कि घर से महज 100 मीटर की दूरी पर तेंदुआ बाउंड्री की दीवार पर खड़ा दिखाई दिया। उनके घर आए एक मेहमान की गाड़ी की लाइट जैसे ही दीवार पर खड़े तेंदुए पर पड़ी, वह गुर्राने लगा।

इसके बाद दूसरी तरफ छलांग लगाकर अंधेरे में गायब हो गया। तेंदुआ दिखाई देने के बाद संयुक्त टीम परिसर में तलाश करती रही। वहीं, गोरखपुर के वन्य जीव प्रभाग से एक्सपर्ट की टीम भी बनारस पहुंच गई है। तेंदुआ नहीं पकड़े जाने से छावनी क्षेत्र, फुलवरिया और आसपास क्षेत्र में दहशत व्याप्त है।

डर के मारे लोग अपने घरों से नहीं निकल रहे हैं। वहीं, वन विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं। चार दिन से बीच शहर में तेंदुआ दिखाई दे रहा है और वन विभाग की टीम इधर-उधर की बातें कर रही है। सेंट मेरिज स्कूल परिसर में गत गुरुवार की भोर में सुरक्षा कर्मी राजेंद्र कुमार को तेंदुआ दिखाई पड़ा था।

उन्होंने खुद को सुरक्षित करने के बाद स्कूल प्रबंधन को सूचना दी। इसके बाद वन विभाग की टीम ने स्कूल परिसर का निरीक्षण किया और छावनी बोर्ड की टीम के साथ सिगरा स्थित सिटी कमांड सेंटर (त्रिनेत्र) में देखा तो तेंदुआ सेंट मेरिज स्कूल में शारदा ट्रेनिंग सेंटर से अंदर जाता दिखाई दिया।

स्पष्ट रूप से तेंदुआ दिखने के बाद भी संयुक्त टीम यह बात छिपाने में लगी रही। वन विभाग की टीम ने बार-बार यही बताया कि वह जानवर तेंदुआ नहीं, बल्कि वन बिलार है। टीम दावा करती रही कि तेंदुआ आया भी होगा तो रात में शहर से बाहर चला गया होगा।

छावनी बोर्ड के अभियंता सचिन श्रीवास्तव का कहना है कि जब तक तेंदुआ नहीं पकड़ा जाता है या उसे बाहर जाने की पुष्टि नहीं होती है तब तक निगरानी जारी रहेगी। वाराणसी रेंज के रेंजर मोहम्मद इब्राहिम ने बताया कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है। वह अवकाश पर हैं। जब डिप्टी रेंजर राजकुमार गौतम से बात करने की कोशिश की गई तो उनका मोबाइल फोन बंद रहा।