वाराणसी के छावनी क्षेत्र में तेंदुए की दहशत, वन विभाग ने दो स्थानों पर लगाया पिंजरा
वाराणसी के छावनी क्षेत्र में तेंदुए की आशंका से लोगों में दहशत है, जिसके बाद वन विभाग ने दो जगहों ...और पढ़ें
HighLights
वाराणसी छावनी क्षेत्र में तेंदुए की सूचना से दहशत का माहौल।
वन विभाग ने बंगला नंबर 61 और सेंट मैरीज स्कूल में पिंजरे लगाए।
डीएफओ ने तेंदुए की पुष्टि नहीं की, अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। छावनी क्षेत्र में पिछले कई दिनों से तेंदुआ देखे जाने की सूचना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। इसे देखते हुए वन विभाग की टीम भी सक्रिय हो गई है। कर्मचारियों को लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।
वन अधिकारियों ने बताया कि बंगला नंबर 61 और सेंट मैरीज स्कूल परिसर में विभाग की ओर से पिंजरे लगाए गए हैं। दोनों पिंजरों में बकरी को चारे के रूप में बांधा गया है, ताकि तेंदुआ होने पर उसे पकड़ा जा सके। इसके लिए विभाग लगातार निगरानी भी कर रहा है।
शुक्रवार को डीएफओ (प्रभागीय वनाधिकारी) निधि चौहान ने भी छावनी क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया और वन विभाग की टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वन क्षेत्राधिकारी संजय कुमार और टीम लीडर अनिल श्रीवास्तव अपने कर्मचारियों के साथ लगातार निगरानी में जुटे हैं।
डीएफओ निधि चौहान ने बताया कि अभी तक क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सोशल मीडिया पर तरह-तरह के वीडियो प्रसारित कर भय का माहौल बनाया जा रहा है। वन विभाग इन वीडियो और सूचनाओं की जांच कर रहा है। उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाने वालों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
