जौनपुर में चोरों ने चार घरों को खंगाला, नगदी सहित जेवर पर देर रात साफ किया हाथ
जौनपुर जिले में जनेवरा गांव में शनिवार की रात चोरों ने चार घरों को खंगाल डाला, चारों घरों से लगभग एक लाख से अधिक नगदी सहित आभूषण व बर्तन चोर उठा ले गए।
जौनपुर, जेएनएन। जनेवरा गांव में शनिवार की रात चोरों ने चार घरों को खंगाल डाला। चारों घरों से लगभग एक लाख से अधिक नगदी सहित आभूषण व बर्तन चोर उठा ले गए। सुबह सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है। उक्त गांव निवासी नरेन्द्र सिंह उर्फ आपरेटर सिंह की नींद जब भोर में टूटी तो देखा कि मकान के अन्य कमरों में लगा ताला टूटा हुआ है। अंदर जाकर देखा तो दो अटैची गायब थी। जो घर से कुछ दूरी पर खेत मे टूटा हुआ मिला। उन्होंने बताया कि एक अटैची में रखा 85 हजार नगद व दो किलो का चांदी का करधन गायब था। नगद पैसों के बारे में बताया कि 60 हजार रुपया डाकघर से निकाला था, 30 हजार रुपया भैस बेचकर रखा था। अनुमान लगाया जा रहा है कि चोर छत के रास्ते उनके मकान में घुसे थे।
उनके पड़ोस में ही दीपक सिंह का मकान था। मकान में सिर्फ उनकी दादी शांति देवी रहती थी। उनके यहां से भी चोर एक अटैची में रखा एक सोने की चेन, एक अंगूठी व लगभग दो हजार रुपया नगद उठा ले गए। पड़ोसी राम बचन के घर से कमरों में लगा ताला तोड़कर बीस हजार नगद सहित लगभग बीस हजार के गहने चोर उठा ले गए। गांव के ही अवकाश प्राप्त शिक्षक शिवनाथ उपाध्याय के घर से चोर छ हजार नगद, एक खाली गैस सिलेंडर व पीतल का हंडा के साथ बर्तन उठा ले गए। उनकी बहू रागिनी ने बताया कि बर्तनों की आवाज सुनकर मेरी नींद टूटी तो मैं ज्यों ही कमरे से बाहर आई चोरों ने मुझसे कहा शोर की तो जान से मार दूंगा। वो भयजदा होकर पुनः कमरे में गई। अपने पति को जगाया तब तक चोर सब सामान लेकर भाग निकले। सुबह सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस चोरी के मामले की जांच में जुट गई। एक ही रात चार घरों में हुए ताबड़तोड़ चोरियों से लोगो मे दहशत है।