विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी में आयुक्त कार्यालय पहुंचकर लालबिहारी यादव ने दाखिल किया नामांकन

By Digital Desk Edited By: Abhishek sharma
Published: Mon, 05 Oct 2026 06:35 PM (IST)

समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी लालबिहारी यादव ने वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन से ...और पढ़ें

लालबिहारी यादव ने वाराणसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भरा पर्चा, सपा ने शिक्षकों के मुद्दों पर जोर दिया।

लालबिहारी यादव ने वाराणसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भरा पर्चा, सपा ने शिक्षकों के मुद्दों पर जोर दिया।

HighLights

  1. लालबिहारी यादव ने वाराणसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नामांकन दाखिल किया।

  2. सपा प्रत्याशी ने शिक्षकों के हितों के लिए पार्टी के कार्य गिनाए।

  3. पुरानी पेंशन बहाली और वित्तविहीन शिक्षकों की समस्याओं पर जोर दिया।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष, विधान परिषद  लालबिहारी यादव ने सोमवार को सारनाथ स्थित रोज गार्डन लॉन से जुलूस के साथ पहड़िया, पुलिस लाइन होते हुए कचहरी स्थित आयुक्त कार्यालय पहुंचकर चार सेट में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

इस नामांकन जुलूस में वाराणसी सहित आठ जिलों के समाजवादी पार्टी के सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, जिलाध्यक्ष, वरिष्ठ नेता, वित्तविहीन शिक्षक संघ के पदाधिकारी, शिक्षक, शिक्षाविद् एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल रहे। नामांकन से पूर्व सारनाथ स्थित रोज गार्डन लॉन में एक विशाल सभा का आयोजन किया गया। इस सभा में वाराणसी के साथ ही चंदौली, गाजीपुर, मीरजापुर, भदोही, जौनपुर, सोनभद्र एवं बलिया के पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक नेता एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

सभा में सपा प्रत्याशी लालबिहारी यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा शिक्षकों, शिक्षा व्यवस्था और शिक्षण संस्थानों के हित में ऐतिहासिक एवं जनकल्याणकारी कार्य किए हैं। उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी की सरकार के कार्यकाल में प्रदेश के 300 स्थायी मान्यता प्राप्त जूनियर हाईस्कूलों को अनुदानित करने का निर्णय लिया गया तथा दूसरे चरण में 1100 जूनियर हाईस्कूलों को एक साथ अनुदानित करने का ऐतिहासिक कार्य किया गया। इसी प्रकार हजारों विषय विशेषज्ञ शिक्षकों का विनियमितीकरण कर उन्हें सामाजिक सम्मान, स्थायित्व एवं अधिकार दिलाने का काम समाजवादी सरकार ने किया।

सभा में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार ने मात्र 3500 रुपये मानदेय पर कार्य कर रहे शिक्षामित्रों को सहायक अध्यापक बनने का अवसर प्रदान किया। समाजवादी पार्टी की सरकारों ने सदैव शिक्षकों के सम्मान, अधिकारों एवं शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ठोस और दूरगामी निर्णय लिए हैं।

वक्ताओं ने यह भी कहा कि वर्तमान समय में शिक्षक समाज के सामने अनेक गंभीर चुनौतियां हैं। पुरानी पेंशन व्यवस्था की बहाली, वित्तविहीन शिक्षकों की समस्याओं का समाधान, शिक्षकों की सेवा-सुरक्षा, शिक्षण संस्थानों की समस्याएं तथा शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना समाजवादी पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल है।

कहा क‍ि समाजवादी पार्टी शिक्षक समाज की आवाज को विधान परिषद से लेकर सड़क तक मजबूती से उठाती रहेगी। सभा की अध्यक्षता पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल ने की। संचालन जिला प्रवक्ता संतोष यादव बबलू एडवोकेट एवं भीष्म नारायण सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सपा प्रत्याशी लालबिहारी यादव ने किया।

इस नामांकन जुलूस एवं सभा में सांसद नरेश उत्तम पटेल, सांसद बाबू सिंह कुशवाहा, सांसद वीरेंद्र सिंह, सांसद दरोगा सरोज, पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा, पूर्व मंत्री ओम प्रकाश सिंह, जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़, विधायक क्रमशः प्रभु नारायण सिंह यादव, संग्राम सिंह यादव, रागिनी सोनकर, जाहिद बेग, वीरेंद्र यादव, जिला प्रभारी प्रदीप कुमार मौर्य, पूर्व मंत्री कैलाश चौरसिया सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।