वाराणसी में मैजिक वाहन की टक्कर से साइकिल सवार मजदूर की मौत, चालक फरार
वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार मैजिक वाहन ने साइकिल सवार बुजुर्ग मजदूर को टक्कर मार दी, ...और पढ़ें

वाराणसी में मैजिक वाहन की टक्कर से बुजुर्ग मजदूर की मौत, चालक फरार।
HighLights
चौबेपुर में मैजिक वाहन ने साइकिल सवार मजदूर को टक्कर मारी।
60 वर्षीय राममूरत राजभर की दुर्घटनास्थल पर ही मौत हुई।
चालक वाहन छोड़कर फरार, पुलिस ने वाहन कब्जे में लिया।
जागरण संवाददाता, (चौबेपुर) वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के खुटहना गांव के पास सोमवार देर रात एक तेज रफ्तार मैजिक वाहन ने साइकिल सवार बुजुर्ग मजदूर को जोरदार टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में मजदूर की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई, जिसे अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, लटौनी गांव निवासी राममूरत राजभर (60 वर्ष) डुबकियां क्षेत्र से मजदूरी करके साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह खुटहना गांव के समीप पहुंचे, पीछे से आ रही अनियंत्रित व तेज रफ्तार मैजिक ने उनकी साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राममूरत सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए।
दुर्घटना की आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर जुट गए और पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायल मजदूर को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नरपतपुर भिजवाया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक चौबेपुर अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि दुर्घटना में शामिल मैजिक वाहन को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। चालक की तलाश की जा रही है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और विधिक कार्रवाई जारी है।
