आजमगढ़ में अपहृत किशोरी संग सामूहिक दुष्कर्म के बाद कर दी थी हत्या, आरोपित गिरफ्तार
बरदह क्षेत्र से चार माह पूर्व मामा की मदद से 16 वर्षीय भांजी का अपहरण कर तीन युवकों ने मिलकर सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव को इरना गोकुलपुर नहर में फेंक दिया था। इस घटना में शामिल एक आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
आजमगढ़, जेएनएन। बरदह क्षेत्र से चार माह पूर्व मामा की मदद से 16 वर्षीय भांजी का अपहरण कर तीन युवकों ने मिलकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव को इरना गोकुलपुर नहर में फेक दिया था। इस घटना में शामिल एक आरोपित को शुक्रवार की सुबह पुलिस ने महुजा मोड़ के समीप से गिरफ्तार कर लिया। दीदारगंज थाना क्षेत्र के निवासी एक व्यक्ति की ससुराल इसी थाना क्षेत्र के गदाईपुर में स्थित है। उसकी 16 वर्षीय पुत्री 22 जुलाई को बरदह बाजार स्थित बैंक पर आई तो संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी।
किशोरी के पिता ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। दो दिन बाद किशोरी का शव दीदारगंज क्षेत्र के इरना गोकुलपुर नहर से बरामद हुआ था। पिता ने शव की पहचान कपड़े आदि से की थी। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई थी। बरदह थाना के सब इंस्पेक्टर विष्णु प्रसाद शुक्रवार की सुबह मुखबिर की सूचना पर महुजा मोड़ के समीप से एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया युवक संदीप उर्फ गोल्डी प्रजापति मृत किशोरी के गांव का ही निवासी है। इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने इस घटना का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार युवक ने मृत किशोरी के मामा परदेशी उर्फ बंटी प्रजापति व उसके साथी गुड्डू राम ग्राम दरियापुर निवासी के मदद से किशोरी का बैंक से बहला-फुसलाकर अगवा कर ले गए थे। किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर शव को नहर में फेक दिए थे। अन्य आरोपितों की तालाश की जा
रही है।