आप के यूपी चुनाव में उतरने पर बोले केशव मौर्य - 'मुंंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं केजरीवाल'
केशव मौर्य ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पर भी पोस्ट करते हुए लिखा है कि - दो करोड़ की आबादी वाला दिल्ली संभल नहीं रहा 24 करोड़ की आबादी वाले उत्तर प्रदेश को संभालने की बात करने वाली पार्टी मुगेरीलाल के हसीन सपने देख रही है।
वाराणसी, जेएनएन। नई दिल्ली की सत्ता में काबिज आम आदमी पार्टी की ओर से यूपी में वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में उतरने के फैसले पर सियासी बयान आने लगे हैं। वाराणसी में मंगलवार को किसान जनसभा को संबाेधित करने पहुंचे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मीडिया से बात करते हुए इसे मुंगेरीलाल का हसीन सपना कहा है। उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पर भी पोस्ट करते हुए लिखा है कि - 'दो करोड़ की आबादी वाला दिल्ली संभल नहीं रहा 24 करोड़ की आबादी वाले उत्तर प्रदेश को संभालने की बात करने वाली पार्टी मुगेरीलाल के हसीन सपने देख रही है'।
मीडिया से बात करते हुए कहा कि अरिविंद केजरीवाल असफल मुख्यमंत्री हैं, वह यूपी के सपने मुंगेरीलाल की तरह न देखें। मुंगेरीलाल के सपने संजो रहे केजरीवाल कोरोना संकट में असफल रहे हैं। उप मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि नई दिल्ली में कोरोना का प्रसार रोक पाने में केजरीवाल सरकार पूरी तरह विफल रही है जबकि यूपी में सरकार के प्रयासों से काफी हद तक कोरोना वायरस संक्रमण रोकने में सफलता मिली है। वर्ष 2014 में संसदीय चुनाव के दौरान आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल वाराणसी से भाजपा के प्रत्याशी रहे पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरे थे। हालांकि, चुनाव परिणामों में वह दूसरे स्थान पर रहे। इसके बाद यूपी में विधानसभा चुनाव के आम आदमी पार्टी ने दूरी बनाए रखी और अब 2022 के लिए विधानसभा चुनाव में उतरने की घोषणा करने के बाद सियासी हलचल भी शुरू हो गई है।
इसी कड़ी में वाराणसी पहुंचे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आम आदमी पार्टी के चुनाव मैदान में उतरने पर तंज कसा। कहा कि नई दिल्ली में कोरोना का खतरा बढ़ा तो गृहमंत्री अमित शाह को आगे आना पड़ा था, अरविंद केजरीवाल असफल मुख्यमंत्री हैं। वहीं सभा को संबोधित करने के अतिरिक्त सर्किट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए उनका फीडबैक भी लिया। किसानों संग सभा कर उनकी समस्याओं को उन्होंने देखा और निराकरण का आश्वासन भी दिया।