‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के तहत केरलम के दल का बीएचयू के मालवीय भवन में स्वागत, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
केरलम (आईआईटी पलक्कड़) से आए 55 सदस्यीय युवा संगम दल का काशी हिंदू विश्वविद्यालय में 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' पहल ...और पढ़ें

'एक भारत श्रेष्ठ भारत' युवा संगम दल का बीएचयू में स्वागत सांस्कृतिक आदान प्रदान पर जोर।
HighLights
केरलम के 55 सदस्यीय दल का बीएचयू में स्वागत हुआ।
'एक भारत श्रेष्ठ भारत' युवा संगम के तहत यह आयोजन।
पर्यावरण संरक्षण हेतु पौधारोपण, यूपी भ्रमण करेगा दल।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी पहल ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के अंतर्गत आयोजित ‘युवा संगम’ सातवे चरण के तहत केरलम (आईआईटी पलक्कड़) से आए 55 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का काशी हिंदू विश्वविद्यालय के मालवीय भवन में स्वागत किया गया। इस दल में 50 छात्र और 5 शिक्षक शामिल हैं, जिनका नेतृत्व सेलेस्टेट आर. और गोपी श्रीकांत रेड्डी कर रहे हैं।
मालवीय भवन में आयोजित समारोह में बीएचयू के नोडल अधिकारी डॉ. बाला लखेंद्र ने अपने स्वागत उद्बोधन के माध्यम से सभी आगंतुक अतिथियों, शिक्षकों एवं केरलम के युवा दल का औपचारिक अभिनंदन किया। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय एकता, भाईचारा और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के उद्देश्य से यह दल 28 अक्टूबर तक उत्तर प्रदेश के भ्रमण पर रहेगा। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और हरित परिसर की भावना को बढ़ावा देते हुए सभी विद्यार्थियों ने मिलकर पौधारोपण भी किया।
कार्यक्रम में छात्र अधिष्ठाता (डीन ऑफ स्टूडेंट्स) प्रो. रंजन कुमार सिंह ने छात्रों का काशी एवं बीएचयू परिसर में स्वागत किया। उन्होंने विश्वविद्यालय के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध शैक्षणिक परंपराओं और विशाल परिसर की जानकारी देते हुए छात्रों को बीएचयू भ्रमण के लिए प्रेरित किया।
मालवीय भवन के निदेशक डॉ. पतंजलि मिश्र ने आदर्श छात्र जीवन पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए ब्रह्मचर्य और नियमित व्यायाम के महत्व पर विशेष जोर दिया। समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों ने केरलम के छात्रों का अभिनंदन करते हुए उन्हें बनारस की प्राचीन सभ्यता, संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं से रूबरू कराया। दल के सदस्यों ने काशी की समृद्ध विरासत का अनुभव करने के लिए अस्सी घाट का भी भ्रमण किया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से बीएचयू के कुलसचिव डॉ. राजेंद्र श्रीवास्तव, उप मुख्य आरक्षाधिकारी प्रो. फतेह बहादुर, समन्वयक डॉ. अशोक कुमार शर्मा सहित सौम्या मुखर्जी, सनिल और श्रीकांत रेड्डी उपस्थित रहे। 24 अक्टूबर को प्रतिनिधिमंडल प्रधानमंत्री द्वारा गोद लिए गए आदर्श गांव जयापुर का दौरा कर ग्रामीण विकास कार्यों को समझेगा।
25 अक्टूबर को यह दल लखनऊ के लिए प्रस्थान करेगा, जहाँ वे उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट करेंगे। लखनऊ प्रवास के दौरान यह दल धर्मनगरी अयोध्या का भी भ्रमण करेगा। 28 अक्टूबर तक चलने वाले इस दौरे के माध्यम से केरलम के युवा बनारस, अयोध्या और लखनऊ की समृद्ध संस्कृति, नवाचार और विकास कार्यों से प्रत्यक्ष रूप से परिचित होंगे।
