विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्वांचल के युवाओं को रोजगार देने का हब बनेगी काशी, खुलेगा सीआइआइ का मल्टी स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट

By Digital Desk Edited By: Abhishek sharma
Published: Tue, 22 Sep 2026 11:53 AM (IST)

काशी में भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआइआइ) जिला प्रशासन के साथ मिलकर मल्टी स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (एमएसटीआइ) खोलेगा, जिससे पूर्वांचल के ...और पढ़ें

पूर्वांचल के युवाओं को रोजगार देगा काशी का नया सीआइआइ मल्टी स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट।

पूर्वांचल के युवाओं को रोजगार देगा काशी का नया सीआइआइ मल्टी स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट।

HighLights

  1. सीआइआइ मल्टी स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट काशी में खुलेगा।

  2. 13 बड़ी कंपनियां युवाओं को प्रशिक्षित कर नौकरी देंगी।

  3. न्यूनतम 15 हजार से 80 हजार रुपये तक वेतन मिलेगा।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। काशी युवाओं के भविष्य के सपनों को ऊंची उड़ान देने को तैयार हो रहा है। भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआइआइ) ने जिला प्रशासन के साथ मिलकर टाटा जैसी प्रतिष्ठित देश की 13 बड़ी कंपनियों से संपर्क कर उनके मांग के हिसाब यूथ को प्रशिक्षित करने की तैयारी की है।

निफ्ट का सेंटर स्थानांतरित होने के बाद उस जगह सीआइआइ मल्टी स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (एमएसटीआइ) खुलेगा। इसके अलावा माडल करियर सेंटर भी होगा। छात्र-छात्राओं की यहां काउंसिलिंग होगी। आर्टिशियन डेवलपमेंट एंड डिजाइन सेंटर भी स्थापित होगा।काशी समेत पूर्वांचल की स्थानीय कलाओं को यहां अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतारने के तौर तरीके बताएं जाएंगे।

एमएसटीआइ में यहां कंपनियों के प्रतिनिधि प्रशिक्षक के रूप में आएंगे और यूथ को कंपनी के विभिन्न कार्यों के हिसाब से प्रशिक्षित करेंगे। इन्हीं प्रशिक्षित युवाओं में से चयन भी होगा। न्यूनतम 15 हजार से लेकर 80 हजार रुपये तक के वेतन भी मिलेंगे।

पूरी योजना का खाका खींच लिया गया है और अब जिला प्रशासन केंद्रीय टेक्सटाइल मंत्रालय को पत्र लिखेगा। यदि सब सही रहा तो अगले कुछ महीनों में ही काशी पूर्वांचल के युवाओं के सपने को पूरा करने वाला एक बड़ा रोजगार हब बन सकता है। क्योंकि इसी सेंटर पर भव्य रोजगार मेला का भी आयोजन होगा।

जिला प्रशासन के साथ मिलकर सीआइआइ की टीम ने पिछले तीन दिनों में यह कार्य योजना बनाई। इसके जरिए ट्रेड फैसिटेशन सेंटर (टीएफसी) लालपुर में सेंटर बनाने के लिए सहमति बन गई। हालांकि अभी टीएफसी में निफ्ट का सेंटर संचालित है। निफ्ट का नया भवन बन चुका है जहां यह जल्द ही शिफ्ट हो जाएगा।

जिला प्रशासन ने भारत सरकार के टेक्सलाइट मंत्रालय को पत्र भी लिखने की तैयारी की है। सीआइआइ के स्टेट हेड प्रशांत व प्रशिक्षण हेड स्वागत राय ने अपनी पूरी कार्य योजना को प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष रख चुके हैं।

होटल से लेकर साफ्टवेयर तक
माडल करियर सेंटर्स के माध्यम से होटल, हास्पिटैलिटी, इलेक्ट्रानिक के अलावा आटोमोबाइल, साफ्टवेयर आदि कंपनियाें के प्रशिक्षण यहां पर युवाओं को ट्रेनिंग देंगे। अपने अपने कंपनी के जरूरतों के हिसाब से युवाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा। कौशल, साफ्ट स्किल, उद्योग आदि का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

विभिन्न वर्ग में अपग्रेड भी होंगे पेशेवर
लाजिस्टिक्स, सप्लाई चेन मैनेजमेंट, और डिजिटल ट्रांसफार्मेशन में पेशेवरों को अपग्रेड किया जा सकेगा। इसी प्रकार युवाओं को व्यावहारिक दुनिया के लिए तैयार करने के लिए इंटरव्यू और रिज्यूमे बिल्डिंग का प्रशिक्षण मिलेगा जो उनकी योग्यता को निखारने का मजबूत आधार बनेगा।

पूर्वांचल के युवाओं के लिए यह केंद्र काफी कारगर होगा। ये युवा जब कंपनी प्रशिक्षकों के जरिए प्रशिक्षित होंगे तो रोजगार की संभावनाएं भी अपार होंगी। कई बड़ी कंपनियों की भागीदारी होगी। उम्मीद है शीघ्र यह मूर्तरूप लेगा।

-

सत्येंद्र कुमार, डीएम