विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

काशी का सर्राफा बाजार सजकर तैयार, डायमंड मंगलसूत्र और टर्की चेन से करवाचौथ पर सजेंगी महिलाएं

By Anurag Singh Edited By: Abhishek sharma
Published: Tue, 27 Oct 2026 06:46 PM (IST)

काशी के सर्राफा बाजार करवाचौथ के लिए सज गए हैं, जहां सुहागिनें पारंपरिक और आधुनिक आभूषणों की खरीदारी कर रही ...और पढ़ें

HighLights

  1. काशी के सर्राफा बाजार करवाचौथ के लिए तैयार।

  2. डायमंड मंगलसूत्र और टर्की चेन महिलाओं की पसंद।

  3. सोने के सिक्के और चांदी के गहनों की भी मांग।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। सुहाग के पावन पर्व करवाचौथ में गिनती के दिन बचे होने से बाजारों की रंगत बदल गई है। शहर के सराफा बाजारों में चमकते आभूषणों के बीच सुहागिनों के चेहरों की मुस्कान इस पर्व की असली रौनक बयां कर रही है। अखंड सौभाग्य के पर्व पर सजने-संवरने की उमंग हर दिल में हिलोरें ले रही है, इसी चाहत के साथ ज्वेलरी शोरूम्स में महिलाओं का तांता लगा हुआ है।

करवाचौथ के इस खास मौके पर इस बार बाजार में पारंपरिक खूबसूरती और आधुनिक फैशन का बेहद खूबसूरत मेल देखने को मिल रहा है। सुहागिनों की पहली पसंद बने मंगलसूत्र, टर्की चेन और मांगटीका दुकानों की शोभा बढ़ा रहे हैं। इस बार सोने के साथ डायमंड वाले मंगलसूत्र महिलाओं के दिलों पर छाए हुए हैं।

सिंगल और डबल डायमंड वाले मंगलसूत्रों की मांग सबसे अधिक है, जिनकी शुरुआती कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये है। चेन सेगमेंट में टर्की चेन के आधुनिक डिजाइन महिलाओं को खूब भा रहे हैं। इसके अलावा मीना चेन, लक्ष्मी चेन, मटरमाला और फैंसी चेन भी बाजार में खास आकर्षण का केंद्र हैं, जिनकी शुरुआती कीमत एक लाख के आसपास है।

हर वर्ग की जरूरत को ध्यान में रखते हुए बाजार में हल्के वजन के सोने के आभूषणों की रेंज भी उपलब्ध है। इनकी कीमत 20 हजार रुपये के आसपास है। सोने और हीरों के चमक-दमक के बीच चांदी के पारंपरिक गहनों की मांग भी कम नहीं है। ब्राइडल पायल, बिछिया और करधनी की खरीदारी में भी महिलाओं का उत्साह देखते ही बनता है।

सोने के सिक्कों की भी खरीदारी

करवाचौथ पर सोने के सिक्के खरीदने का भी चलन है। महिलाएं इसे शुभ मानते हुए खरीदारी कर रही हैं। ज्वेलरी दुकानों पर 18 और 24 कैरेट के पांच और दस ग्राम के सिक्कों उपलब्ध है।


करवाचौथ के लिए मंगलसूत्र खरीद रही हूं। सुहाग की सुख-समृद्धि और वैवाहिक जीवन की मंगलकामना के लिए शुभ माना जाता है। - सीता मिश्रा।

अपने लिए टर्की चेन खरीद रही हूं, जो सुहाग की सुंदरता को और बढ़ाती है। यह पर्व पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना का प्रतीक है। - रेखा विश्वकर्मा।

करवाचौथ पर महिलाएं पारंपरिक डिजाइन के साथ आकर्षक और आधुनिक डिजाइनों वाले गहने खरीद रही हैं। - चेतन अग्रवाल, अधिष्ठाता, हरे कृष्ण ज्वेलर्स, अर्दली बाजार।