कमलजीत की गोल्डन निशानेबाजी, वाराणसी में प्रशिक्षण का मिला बड़ा फल
भारतीय निशानेबाज कमलजीत ने सुरुचि इंदर सिंह के साथ एशियन गेम्स में 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में ...और पढ़ें

कमलजीत ने एशियन गेम्स में जीता स्वर्ण, वाराणसी में प्रशिक्षण से मिली सफलता।
HighLights
कमलजीत ने सुरुचि इंदर सिंह के साथ स्वर्ण पदक जीता।
10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में मिली सफलता।
वाराणसी के साई सेंटर में प्रशिक्षण से मिली यह उपलब्धि।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। जापान में चल रहे एशियन गेम्स में भारतीय निशानेबाज कमलजीत ने सुरुचि इंदर सिंह के साथ 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। दोनों ने क्वालिफिकेशन में 587 अंक के साथ शीर्ष स्थान हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया और पदक अपने नाम किया।
कमलजीत मूलरूप से हरियाणा के रेवाड़ी के रहने वाले हैं और मई से वाराणसी स्थित साई सेंटर में अभ्यास कर रहे हैं। ऐसे में एशियन गेम्स के मंच पर उनका स्वर्ण जीतना वाराणसी के खेल जगत के लिए भी खास उपलब्धि है। कमलजीत इससे पहले एशियन गेम्स की पुरुष 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में भी भारतीय टीम का हिस्सा रहे।
24 सितंबर को हुई व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन में वह 580-18एक्स अंक के साथ नौवें स्थान पर रहे थे। भारतीय टीम इस स्पर्धा में चौथे स्थान पर रही थी। इसके अगले ही दिन कमलजीत ने सुरुचि के साथ मिश्रित टीम स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन किया। भारतीय जोड़ी ने क्वालिफिकेशन में 587 अंक हासिल किए, जो गेम्स रिकॉर्ड रहा और एशियन रिकॉर्ड की बराबरी भी की।
इसके बाद फाइनल में दोनों ने स्वर्ण पदक पर निशाना साधा। वाराणसी में प्रशिक्षण के दौरान कमलजीत ने एशियन गेम्स की तैयारी की। अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर उनके स्वर्ण पदक के बाद उनके प्रशिक्षण केंद्र में भी खुशी का माहौल है।
