18 करोड़ से सवरेगा गंगा-गोमती घाट, पर्यटन का हब बनाने की तैयारी
वाराणसी में मार्कंडेय महादेव धाम को देश के प्रमुख तीर्थ स्थल का दर्ज दिया जा रहा है।
वाराणसी : मार्कंडेय महादेव धाम को देश के प्रमुख तीर्थ स्थल का दर्ज दिया जा रहा है। इतना ही नहीं आने वाले दिनों में गंगा-गोमती के घाट को पर्यटन का हब बना दिया जाएगा। पर्यटन का व्यवसाय बढ़ जाने के बाद यहां के लोगों को बाहर कमाने के लिए नहीं जाना होगा। लोग अपने गांव में ही रहकर परिवार की आजीविका चला सकते हैं। 18 करोड़ लगाकर गंगा-गोमती घाट का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा स्थानीय लोगों को अपनी जमीन पर होटल खोलने के लिए 32 फीसद सब्सिडी भी दी जाएगी।
सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष डा. महेंद्र नाथ पांडेय व प्रदेश सरकार की पर्यटन मंत्री डा. रीता बहुगुणा जोशी ने यहां विकास की गंगा बहा दी। गंगा-गोमती संगम पर घाट, गंगा नदी पर पूर्व निर्मित घाट के विस्तारीकरण का शिलान्यास किया गया।
इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि प्रदेश में विकास की लहर चल रही है। मार्कंडेय महादेव ने हमें अपनी सेवा के लिए ही बुलाया है। हमने मंत्री रहने के दौरान कैथी घाट पर सीढि़यां बनवाया, धाम का सुंदरीकरण कराया। अब फिर मार्कंडेय महादेव ने हमें फिर सेवा का अवसर दिया। अब यहां पर्यटन का अवसर ही नहीं रोजगार का अवसर मिलेगा। जो भी लोग अपनी भूमि में होटल खोलेंगे उनको 32 फीसद की सब्सिडी दी जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष ने कैथी के लोगों से अपील किया कि सड़क चौड़ीकरण के लिए भूमि दें इससे आपकी भूमि की कीमत पांच गुना बढ़ जाएगी। चंदौली के टांडा घाट-कैथी घाट पर दोनों ओर सीढि़या बनने के साथ ही गंगा नदी में सीढि़यों पर कितना पानी है इसके लिए मापक बोर्ड भी लगेगा। कैथी का विस्तारीकरण योजना हमारी देन है। पर्यटन मंत्री डा. रीता बहुगुणा जोशी ने कहा हमारा देश धर्म की नगरी है। जल चढ़ाने के लिए लाखों कांवरिए पूरे देश में निकल पड़े हैं। भारत का साहित्य, संस्कृति क्या है लोग जानें। कैथी स्थित मार्कंडेय धाम का जिक्र पुराणों में है। यहां पर्यटन के दृष्टि ये भी रोजगार के अवसर है। जनता के बीच जो रहता है वह लोगों का दुख दर्द समझता है। हमारे मुख्यमंत्री मंत्री जनता के बीच रहते है सबकी दुख दर्द समझते हैं। पांच को मुगलसराय जंक्शन का बदलेगा नाम
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि पांच अगस्त को मुगलसराय जंक्शन का नाम पं. दीनदयाल उपाध्याय के नाम से होगा। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई है।