उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने चेताया, शासकीय कार्य में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि शासकीय कार्यो में कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
वाराणसी, जेएनएन। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि शासकीय कार्यो में कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए। जहां भी शिकायत मिलेगी उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उप मुख्यमंत्री सोमवार को सर्किट हाउस में जनपद के सर्वागीण विकास के लिए संचालित योजनाओं की समीक्षा की। निर्देश दिया कि अधिकारी अपने कार्यालयों में निर्धारित समय के अनुसार अनिवार्य रूप से बैठकर लोगों की समस्याओं को सुनें और समाधान करें। निर्माण कार्यो को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए और चेताया कि निर्माण मानक के अनुरूप और गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए।
इसका निरीक्षण संबंधित अधिकारी समय-समय पर करते रहें। कार्यो का अनुश्रवण व समीक्षा भी करते रहें। कहा कि सोशल सेक्टर की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति को दिलाने का हर संभव प्रयास करें। इसके पूर्व शाम पांच बजे के करीब उपमुख्यमंत्री एयरपोर्ट पहुंचे और सीधे सावन के अंतिम सोमवार को बाबा विश्वनाथ के दरबार पहुंचे और दर्शन-पूजन और रुद्राभिषेक किया। सर्किट हाउस में मंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की। इसमें जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, उपाध्यक्ष अरुण सिंह समेत अशोक पांडेय, दिनेश यादव, अशोक मौर्य आदि मौजूद रहे।
उपमुख्यमंत्री के जाते ही भरा गर्भगृह : श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को दर्शन करने के लिए गर्भगृह के द्वार खोल दिए गए। इस दौरान आम श्रद्धालुओं की कतार रोक दी गई। उप मुख्यमंत्री के दर्शन पूजन कर निकलते ही श्रद्धालु गर्भगृह में घुस गए। श्रद्धालुओं की भीड़ और सप्त ऋषि आरती का समय हो जाने से मंदिर प्रशासन सकते में आ गया। कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षा कर्मियों ने गर्भगृह खाली कराया। सावन के पहले दिन से ही गर्भगृह के चारो द्वारों पर पात्र व पाइप लगाकर बाहर से ही दर्शन अभिषेक कराया जा रहा है। पिछले दिनों काग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा को भी गर्भगृह के बाहर से ही दर्शन कराया गया था।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप