ईरान-अमेरिका युद्ध की आंच से झुलसा बनारस का थोक बाजार, विश्वेश्वरगंज मंडी में मसालों के भाव ने दिखाए तेवर
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान-अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर वाराणसी की थोक और खुदरा मसाला मंडियों पर दिख रहा ...और पढ़ें

ईरान-अमेरिका तनाव से वाराणसी में मसालों के दाम बढ़े, थोक और खुदरा बाजार में महंगाई की मार।
HighLights
ईरान-अमेरिका तनाव से मसालों के थोक दाम बढ़े।
जीरा, काली मिर्च, धनिया के भावों में हुई वृद्धि।
आपूर्ति बाधित होने से खुदरा बाजार में महंगाई।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान-अमेरिका के बीच बढ़े तनाव का असर अब विश्वेश्वरगंज मंडी की थोक मसाला मंडी पर भी देखने को मिल रहा है। पिछले एक महीने में कई प्रमुख मसालों के थोक दाम में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे खुदरा कारोबारियों और आम उपभोक्ताओं पर महंगाई का असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है।
थोक व्यापारियों के अनुसार बाहर से आने वाले माल की आपूर्ति प्रभावित होने, परिवहन लागत बढ़ने और बाजार में अनिश्चितता के कारण कीमतों में तेजी आई है। मंडी में जीरा 225 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 245 रुपये प्रति किलो हो गया है। काली मिर्च (मरीच) 650 रुपये से बढ़कर 750 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है। धनिया का थोक भाव 80-100 रुपये से बढ़कर 150-200 रुपये प्रति किलो हो गया है।

इसके अलावा राई 180 से बढ़कर 225 रुपये, सौंफ 80 से बढ़कर 140 रुपये, मेथी 65 से बढ़कर 75 रुपये और अजवाइन 110 से बढ़कर 135-165 रुपये प्रति किलो बिक रही है। सोंठ 225 से बढ़कर 340 रुपये, जायफल 600 से बढ़कर 740 रुपये और जावित्री 1800 से बढ़कर 1900 रुपये प्रति किलो हो गई है। हालांकि मंगरैला के भाव में गिरावट आई है और यह 260 रुपये से घटकर 210 रुपये प्रति किलो हो गया है। व्यापारियों का कहना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय हालात जल्द सामान्य नहीं हुए तो आने वाले दिनों में खुदरा बाजार में भी मसाले और महंगे हो सकते हैं।
वहीं, फुटकर में खोजवां बाजार में गरम मसालों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। बीते एक महीने के दौरान कई प्रमुख मसालों के दाम बढ़ गए हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ गई है। बाजार में इस समय धनिया खड़ा 165 रुपये प्रति किलो बिक रहा है, जो एक माह पहले 155 रुपये प्रति किलो था। मिर्चा खड़ा 300 रुपये प्रति किलो पहुंच गया है, जबकि एक माह पहले इसका भाव 290 रुपये था।

काली मिर्च (मरीच) 850 रुपये प्रति किलो बिक रही है, जो पहले 820 रुपये थी। वहीं छोटी इलायची के दाम में बड़ा उछाल आया है और यह 3800 रुपये प्रति किलो हो गई है, जो एक माह पहले 3600 रुपये थी। बड़ी इलायची 2100 रुपये प्रति किलो बिक रही है, जबकि पहले इसका मूल्य 2050 रुपये था। इसके अलावा हल्दी खड़ा 220 रुपये, जीरा 280 रुपये, लौंग 1100 रुपये, जायफल 900 रुपये, दालचीनी 600 रुपये और तेजपत्ता 120 रुपये प्रति किलो के भाव पर बिक रहा है। व्यापारियों का कहना है कि थोक बाजार में कीमत बढ़ने और मांग अधिक होने के कारण मसालों के दाम में तेजी आई है।
