माध्यमिक विद्यालयों की सम्पतियों का ब्योरा तलब, बैंक खातों का विवरण भी उपलब्ध कराने का निर्देश
यूपी बोर्ड से संचालित अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों की सम्पतियां अब आनलाइन होंगी। सभी माध्यमिक विद्यालयों को चल-अचल सम्पतियों का विवरण मानव संपदा पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश है। वाराणसी जनपद में 429 माध्यमिक विद्यालय हैं। इसमें 31 राजकीय 108 अशासकीय व 290 वित्तविहीन विद्यालय शामिल हैं।
वाराणसी, जेएनएन। यूपी बोर्ड से संचालित अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों की सम्पतियां अब आनलाइन होंगी। सभी माध्यमिक विद्यालयों को चल-अचल सम्पतियों का विवरण मानव संपदा पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश है। दूसरी ओर डीआइओएस ने प्रबंधकों से सम्पतियों के विवरण सहित समस्त खातों की जानकारी भी मांगी है। आय-व्यय का ब्यौरा भी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। इसे लेकर अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों में खलबली मची हुई है।
जनपद में 429 माध्यमिक विद्यालय हैं। इसमें 31 राजकीय, 108 अशासकीय व 290 वित्तविहीन विद्यालय शामिल हैं। कई अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों में प्रबंधतंत्र की वैधता को लेकर सवाल उठते रहे हैं। इसे देखते हुए अब मानव संपदा पोर्टल पर प्रबंधतंत्र का विवरण भी अपलोड करना है। मसलन प्रबंधतंत्र का चुनाव कब हुआ, चुनाव कराने के लिए अनुमोदन लिया गया था या नहीं, इसकी वैधता कब तक है। प्रबंधक सहित समिति के सदस्यों का भी विवरण अपलोड करना है। दूसरी ओर कुछ प्रबंधक मनमानी करते हैं। आर्थिक संसाधन का अभाव बताते हुए शासन की योजनाओं को क्रियान्वयन करने में हीलाहवाली करते हैं। इसे देखते हुए डीआइओएस डा. वीपी ङ्क्षसह ने सभी अशासकीय विद्यालयों से विभिन्न बैंक खातों की जानकारी, इसमें जमा धनराशि सहित अन्य जानकारी मांगी है ताकि वास्तविक स्थिति पता लगाई जा सके। साथ खाते में डंप पड़े पैसा का उपयोग विद्यालयों के रखरखाव व अपडेट करने में किया जा सके।