Coronavirus महामारी में महाशक्ति बन कर उभरा भारत, किंग्स कालेज लंदन के प्रो. पंत ने वेबिनार में कहा
विदेशी मामलों के जानकार व किंग्स कालेज (लंदन) के प्रो. हर्ष वी. पंत ने कहा कि कोरोनावायरस महामारी ने दुनिया को अपने भीतर झांकने के लिए बाध्य कर दिया है।
वाराणसी, जेएनएन। विदेशी मामलों के जानकार व किंग्स कालेज (लंदन) के प्रो. हर्ष वी. पंत ने कहा कि कोरोनावायरस महामारी ने दुनिया को अपने भीतर झांकने के लिए बाध्य कर दिया है। इस महामारी से अमेरिका, एशियाई व यूरोप के संदर्भ में चीन की छवि धूमिल हुई हैं। वहीं कोरोनावायरस महामारी में भारत महाशक्ति बन कर उभरा है। बस उसे दुनिया के सामने खुद को महाशक्ति के रूप में प्रस्तुत करने की जरूरत है।
वह बुधवार को डीएवी पीजी कालेज की ओर से आयोजित 'इंपैक्ट ऑफ कोविड-19 ऑन ग्लोबल पॉलिटिक्स' विषयक दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय वेबिनार के उद्घाटन सत्र बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। ऑनलाइन बोलते हुए उन्होंने कहा कि भारत द्वारा उठाए गए कदमों की दुनियाभर से तारीफ हो रही है। खासतौर से भारत ने जिस तरह से वैश्विक स्तर पर सार्क देशो व जी-20 देशों के साथ संवाद किया। वह उसे महाशक्ति बनने की ओर ले जा रहा है। कहा कि 55 देशों को आवश्यक दवाइयों का निर्यात कर भारत ने ग्लोबल स्तर पर अपनी धाक जमाने में सफल रहा।
विशिष्ट वक्ता चीन के शंघाई से जुड़े प्रो. राजीव रंजन ने कहा कि चीन में अब भी अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है। लोग सरकार से सवाल पूछ रहे है, लेकिन चीन की सरकार पास बताने के लिए कुछ नहीं है। कोरोनावायरस से मौत का छुपाने के कारण चीन की विकसित राष्ट्र की छवि धूमिल हो रहीं है। विषय स्थापना करते हुए कार्यक्रम के संयोजक व प्राचार्य डा. सत्यदेव सिंह ने कहा कि कोरोना महामारी से से वैश्विक राजनीति में व्यापक बदलाव आना तय है। कहा महामारी का मुकाबला मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति से संभव है। वेबिनार में कलिंगा इंडो-पैसेफिक अध्ययन संस्थान के उप निदेशक डा. विवेक मिश्रा, आइसीडब्ल्यूए से डा. ध्रुवज्योति भट्टाचार्या, डा. पीहू घोष सहित अन्य लोगों ने विचार व्यक्त किया। स्वागत प्रियंका सिंह व धन्यवाद ज्ञापन संयुक्त रूप से संस्था के प्रबंधक अजीत सिंह यादव व डा. शिव बहादुर सिंह ने किया।