विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छात्रसंघ चुनाव की मांग पर बीएचयू में अनिश्चितकालीन धरना शुरू, पर‍िसर में बढ़ी ग‍हमागहमी

By Digital Desk Edited By: Abhishek sharma
Published: Tue, 27 Oct 2026 10:20 PM (IST)

काशी हिंदू विश्वविद्यालय में छात्रसंघ बहाली और चुनाव की तिथि घोषित करने की मांग को लेकर छात्रों ने अनिश्चितकालीन धरना ...और पढ़ें

छात्रसंघ चुनाव की मांग पर बीएचयू में अनिश्चितकालीन धरना, परिसर में गरमाई राजनीति।

छात्रसंघ चुनाव की मांग पर बीएचयू में अनिश्चितकालीन धरना, परिसर में गरमाई राजनीति।

HighLights

  1. बीएचयू में छात्रसंघ बहाली को लेकर अनिश्चितकालीन धरना।

  2. छात्रों ने चुनाव तिथि घोषित करने की मांग की।

  3. छात्रावास सुविधाओं, छात्राओं की पाबंदियों पर भी मुद्दा।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय में छात्रसंघ बहाली की मांग को लेकर मंगलवार को छात्रों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। छात्रसंघ भवन परिसर स्थित डीन आफ स्टूडेंट्स वेलफेयर (डीएसडब्ल्यू) कार्यालय के बाहर जुटे छात्रों ने नारेबाजी कर चुनाव की तिथि घोषित करने की मांग उठाई। छात्रों ने चेतावनी दी कि मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

धरनारत छात्र शिवांश सिंह और सामाजिक विज्ञान संकाय के छात्र सत्यम सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय में वर्ष 1997 से छात्रसंघ बंद है। इससे विद्यार्थियों को अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष उठाने के लिए निर्वाचित प्रतिनिधित्व नहीं मिल पा रहा है। छात्रों ने बताया कि छात्रसंघ बहाली के लिए पहले ही ज्ञापन देकर 27 अक्टूबर तक सकारात्मक जवाब देने या चुनाव की तिथि घोषित करने की मांग की गई थी। निर्धारित समय तक जवाब नहीं मिलने पर धरना शुरू किया गया।

छात्रों ने छात्रावासों में भोजन की गुणवत्ता, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं उठाईं। छात्राओं पर रात 10 बजे के बाद छात्रावास से बाहर निकलने संबंधी पाबंदियों का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि छात्रसंघ के माध्यम से इन समस्याओं को प्रभावी ढंग से प्रशासन तक पहुंचाया जा सकता है।

छात्रों ने कहा कि चुनाव के दौरान विवाद की आशंका के कारण छात्रसंघ बंद रखना उचित नहीं है। अराजक तत्वों पर कार्रवाई कर शांतिपूर्ण चुनाव कराए जाने चाहिए। उन्होंने मांग पूरी नहीं होने पर भूख हड़ताल और आमरण अनशन की चेतावनी दी। साथ ही, छात्रावासों में संपर्क कर अन्य विद्यार्थियों को आंदोलन से जोड़ने की बात कही।