वाराणसी में सपा को खलेगी लगातार दूसरी बार रणनीतिक चूक, लोकसभा चुनाव में भी पर्चा हो गया था खारिज
वाराणसी जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव से पहले ही सपा के मैदान से बाहर होने पर चाहे जितने भी आरोप-आक्षेप लगाए जाएं लेकिन इसमें संगठन की रणनीतिक चूक को भी जिम्मेदार माना जा रहा है। पार्टी को प्रतिष्ठापरक सीट पर दूसरी बार मैदान में उतरने से पहले झटका लगा।
वाराणसी, जागरण संवाददाता। जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव से पहले ही सपा के मैदान से बाहर होने पर चाहे जितने भी आरोप-आक्षेप लगाए जाएं, लेकिन इसमें संगठन की रणनीतिक चूक को भी जिम्मेदार माना जा रहा है। यही कारण है कि पार्टी को प्रतिष्ठापरक सीट पर दूसरी बार मैदान में उतरने से पहले झटका लगा। जीत के लिए भरपूर सदस्य संख्या होने के दावे के बाद भी शपथ पत्र की खामी से पर्चा तो खारिज हुआ ही, पार्टी कुछ कहने की स्थिति मेें भी न रही। पदाधिकारी समर्थन में दिल खोल कर खड़े दलों के निशाने पर भी आ गए।
इससे पहले लोकसभा चुनाव में सपा ने तेज बहादुर यादव को वाराणसी संसदीय सीट से टिकट दिया था। पूरी गर्मजोशी से नामांकन हुआ लेकिन कागजी कोरम में तकनीकी खामी के कारण पर्चा खारिज हो गया था। इस बार जिला पंचायत अध्यक्ष का पर्चा शपथ पत्र अमान्य होने से खारिज हो गया। यह स्थिति तब है जबकि पार्टी के पास अलग से अधिवक्ता सभा के रूप में फ्रंटल संगठन है। पार्टी एमएलसी आशुतोष सिन्हा खुद अधिवक्ता हैैं।
अखिलेश यादव को भेजी रिपोर्ट
फिलहाल पर्चा खारिज के प्रकरण की पूरी रिपोर्ट जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भेजी है। कहा कि, उनके निर्देश पर अगला कदम उठाएंगे। न्याय के लिए न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे। वहीं पर्चा प्रकरण में अगुवाई कर रहे पूर्व मंत्री मनोज राय धूपचंडी ने कहा कि सत्ता की हनक साफ दिखी। आखिर कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर स्क्रूटनिंग कक्ष में कैसे पहुंचे। शपथ पत्र की वैधता के आधार पर पर्चा खारिज हो सकता है तो इस तरह की समस्त नोटरी शून्य होनी चाहिए।
सपा नेताओं के घर के बाहर पहरा
विरोध प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए थानेवार पुलिस को अलर्ट कर दिया गया था। कुछ सपाजनों के घरों पर भी फोर्स भी लगाई गई थी। रोहनिया संवाददाता के अनुसार राजातालाब में पूर्व मंत्री सुरेंद्र पटेल व पूर्व विधायक महेंद्र पटेल के घर पर भी पुलिस तैनात रही। महेंद्र पटेल ने बताया कि उनके घर पर चौकी प्रभारी बैठे रहे। सपा प्रत्याशी चंदा यादव के घर के पास भी पुलिस तैनात रही।
सपा जानती थी हार रही चुनाव तभी गलत भरा पर्चा
भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष महेशचंद श्रीवास्तव ने सपा पर हमला बोलते हुए कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में सपा हार रही थी। इसका आभास पार्टी को था। यही कारण रहा कि पर्चा ही गलत भर दिया।