वाराणसी में समाजवादी पार्टी का सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करने का एलान, नई रणनीति जल्द
सूबे में बढ़ती महंगाई अपराध बेरोजगारी व निजीकरण के विरोध में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे कार्यकताओं पर हुए लाठीचार्ज को लेकर समाजवादी पार्टी में जबर्दस्त रोष है।
वाराणसी, जेएनएन। सूबे में बढ़ती महंगाई, अपराध, बेरोजगारी व निजीकरण के विरोध में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे कार्यकताओं पर हुए लाठीचार्ज को लेकर समाजवादी पार्टी में जबर्दस्त रोष है। पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह व तमाम सपा नेता मंगलवार को मंडलीय अस्पताल पहुंचे। यहां भर्ती राहुल सिंह यादव, राहुल सोनकर, संदीप सिंह स्वर्णकार समेत घायल कार्यकर्ताओं से मिलकर उनका हाल जाना। वहीं दूसरी ओर सपा ने महंगाई, अपराध, बेरोजगारी को जन आंदोलन बनाने का एलान किया। ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार भ्रष्टाचार और गुंडाराज के बल पर राज कर रही है। सपा के सिपाहियों का गला घोट कर उनकी आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है, जो बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अर्दली बाजार में पार्टी कार्यालय में हुई बैठक में सपा नेताओं ने लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की। जिला प्रशासन सौतेला एक पक्षीय कार्रवाई करने का आरोप लगाया। कहा कि सरकार के इशारे पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का उत्पीडऩ व फर्जी मुकदमों में बंद कर करने का क्रुचक जारी है। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता दमनात्मक कार्रवाई से डरने वाले नहीं हैं। हालांकि पार्टी की पहली प्राथमिकता जेल में बंद पार्टी कार्यकर्ता को छुड़ाना है। इसके बाद पार्टी नए सिरे में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन की रूपरेखा बनेगी। अब सड़क से ले कर संसद व विधान मंडलो में बढ़ती महंगाई, अपराध, बेरोजगारी का मुद्दा गूंजेगा। कहा कि पार्टी लोकतंत्र पर पूरा विश्वास है। इसका जवाब प्रदेश की जनता देगी। बैठक में सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़, महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा, पूर्व मंत्री सुरेंद्र ङ्क्षसह पटेल, शालिनी यादव, डा.ओपी सिंह, अब्दुल समद अंसारी, सत्यप्रकाश सोनू, गणेश दत्त यादव, मनोज यादव गोलू, महेंद्र सिंह पटेल, आशुतोष सिन्हा सहित अन्य लोग शामिल थे।
रिहाई कराने कचहरी पहुंचे पूर्व मंत्री सुरेंद्र व धूपचंडी
जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार सपा कार्यकर्ताओं की रिहाई के लिए पूर्व मंत्री सुरेंद्र पटेल व मनोज राय धूपचंडी कचहरी पहुंचे। अधिवक्ताओं से विचार विमर्श किया और सरकार को निशाने पर लिया। कहा कि हम कानून को मानने वाले लोग हैं और कानूनी तरीके से लड़ेंगे। सभी चीजों का जवाब जनता 2022 के चुनाव में देगी।