वाराणसी में दो दिनों में स्नातक एमएलसी के लिए 20 तो शिक्षक के लिए 10 ने लिया नामांकन पत्र
वाराणसी खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए नामांकन प्रक्रिया जारी है। दो दिनों में स्नातक एमएलसी के लिए ...और पढ़ें

वाराणसी एमएलसी चुनाव: स्नातक और शिक्षक निर्वाचन के लिए नामांकन प्रक्रिया में तेजी।
HighLights
वाराणसी एमएलसी चुनाव नामांकन प्रक्रिया में उम्मीदवारों ने दिखाई रुचि।
स्नातक के 20 और शिक्षक के 10 ने लिए नामांकन पत्र।
हालांकि, अभी तक किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। वाराणसी खंड स्नातक व शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए नामांकन के दूसरे दिन बुधवार को किसी उम्मीदवार ने नामांकन नहीं किया। नामांकन के लिए आवेदन पत्र और चलान लेने का सिलसिला जारी है। इन दो दिनों में स्नातक एमएलसी के लिए 20 तो शिक्षक के लिए 10 ने चलान की निर्धारित धनराशि जमाकर नामांकन पत्र लिया। इनका चुनाव लड़ना तय माना जा रहा है।
नामांकन करने वालों को पहले चलान से निर्धारित जमानत धनराशि जमा करनी पड़ती है। निर्वाचन आयोग ने जमानत धनराशि एससी-एसटी के लिए 5000 रुपये और शेष के लिए 10,000 रुपये निर्धारित किया है। इसके लिए चालान से निर्धारित लेखा शीर्षक से जमा कर रसीद संलग्न करना होता है।
उधर चलान जमा कर नामांकन पत्र लेने में खंड स्नातक के लिए आशुतोष सिन्हा (समाजवादी पार्टी) और बेनी माधव, देव कुमार, चंद्र प्रकाश गुप्ता, पंकज कुमार सिंह, रंजीत कुमार यादव, प्रीति सिंह, वहीदुल्लाह खान, तुषार गोस्वामी, अरविंद कुमार व डाक्टर पंकज कुमार गौतम (सभी निर्दल) सहित कुल 11 तथा शिक्षक निर्वाचन के लिए प्रमोद कुमार मिश्रा (भाजपा), लाल बिहारी यादव (समाजवादी पार्टी) और ऋतिका दुबे, कपिल देव यादव तथा चेतनारायण सिंह (सभी निर्दल) कुल 5 लोगों ने पर्चा लिया।
पहले दिन खंड स्नातक के लिए 09 तथा शिक्षक निर्वाचन के लिए 05 लोगों ने नामांकन के लिए पर्चा लिया था। इस प्रकार अब तक दो दिनों में खंड स्नातक के लिए 20 तथा शिक्षक निर्वाचन के लिए 10 लोगों ने नामांकन हेतु पर्चा लिया है। अधिकतर उम्मीदवारों के अधिवक्ता या उनके प्रस्तावक आदि ही नामांकन प्रपत्र लेने के लिए आए।नामांकन की प्रक्रिया छह अक्टूबर तक होगी। नामांकन पत्रों की जांच सात अक्टूबर को, नाम वापसी नौ अक्टूबर और मतदान 23 अक्टूबर को प्रातः 8:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक होगा। मतगणना 27 अक्टूबर 2026 को होगी।
