बनारस में मंत्री हंसराज के क्षेत्र की गली का हाल, सड़क की जगह लकड़ी का पुल; कीचड़ और बदबू से लोग परेशान
वाराणसी के चितईपुर क्षेत्र की नीलकंठ नगर कॉलोनी में तीन महीने से जलभराव की गंभीर समस्या है, जिससे लोगों का ...और पढ़ें
HighLights
नीलकंठ नगर में तीन माह से गंभीर जलभराव की समस्या।
स्थानीय लोगों ने आवागमन के लिए बनाया लकड़ी का पुल।
मंत्री के वार्ड में समस्या पर अमन यादव ने जताई नाराजगी।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। चितईपुर क्षेत्र की नीलकंठ नगर कालोनी, कंदवा में पिछले करीब तीन महीने से जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है। घरों के आसपास पानी जमा होने से स्थानीय लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। घरों में घुसा पानी, कीचड़ और बदबू से लोग परेशान हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार हर घर में लोग डेंगू बुखार से पीड़ित हैं।
स्थिति इतनी खराब है कि लोगों ने खुद लकड़ी का अस्थायी पुल बनाकर आने-जाने का रास्ता तैयार किया है। इसी पुल के सहारे बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं अपने घरों से बाहर निकलने को मजबूर हैं। कॉलोनी में एक परिवार में शादी है, लेकिन जलभराव के कारण मेहमानों और घरवालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थायी निवासी अमरावती, जानकी पटेल और साधना पटेल ने बताया कि लंबे समय से शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया गया। कई बार अधिकारियों से कहा गया, लेकिन केवल आश्वासन ही मिला। इस मामले को लेकर अमन यादव ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि जिस वार्ड में प्रदेश सरकार के मंत्री हंसराज विश्वकर्मा का आवास है।
उसी वार्ड की जनता तीन महीने से जलभराव झेल रही है। इसके बावजूद आज तक किसी जनप्रतिनिधि या अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान नहीं कराया। अमन यादव ने मांग की है कि तत्काल मौके का निरीक्षण कर जलनिकासी की व्यवस्था कराई जाए और लोगों को राहत दी जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्रीय जनता के साथ बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
