विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी स्नातक एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने कार्यकर्ताओं, पदाधि‍कार‍ियों और समर्थकों को द‍िया जीत का श्रेय

By Digital Desk Edited By: Abhishek sharma
Published: Thu, 29 Oct 2026 07:32 PM (IST)

समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने वाराणसी खंड स्नातक एमएलसी चुनाव में भाजपा के केदारनाथ सिंह को 19,923 मतों ...और पढ़ें

वाराणसी स्नातक एमएलसी चुनाव: आशुतोष सिन्हा ने लहराया परचम, कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर।

वाराणसी स्नातक एमएलसी चुनाव: आशुतोष सिन्हा ने लहराया परचम, कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर।

HighLights

  1. आशुतोष सिन्हा ने वाराणसी स्नातक एमएलसी चुनाव जीता।

  2. सपा प्रत्याशी ने भाजपा के केदारनाथ सिंह को हराया।

  3. जीत का श्रेय अखिलेश यादव और कार्यकर्ताओं को दिया।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी के विधान परिषद चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी एवं निवर्तमान एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने जीत दर्ज करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी केदारनाथ सिंह को 19,923 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया। इस जीत के साथ ही समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में उत्साह और खुशी की लहर दौड़ गई।

मतगणना के दौरान प्राप्त मतों के अनुसार समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी श्री आशुतोष सिन्हा को 55,046 मत, जबकि भाजपा प्रत्याशी केदारनाथ सिंह को 35,114 मत प्राप्त हुए। आशुतोष सिन्हा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को बड़े अंतर से हराकर वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में समाजवादी पार्टी की मजबूत राजनीतिक उपस्थिति को प्रदर्शित किया।

मतगणना स्थल पहड़िया मंडी में समाजवादी पार्टी की ओर से बनाए गए पंडाल में वाराणसी सहित निर्वाचन क्षेत्र के सभी आठ जिलों से आए पार्टी के सांसद, विधायक, वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। मतगणना के दौरान कार्यकर्ताओं में लगातार उत्साह बना रहा।

भारी बारिश के बावजूद समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता डटे रहे तथा अपने प्रत्याशी की जीत की घोषणा और उनके आगमन का बेसब्री से इंतजार करते रहे। खराब मौसम भी कार्यकर्ताओं के उत्साह और जोश को कम नहीं कर सका। जैसे ही आशुतोष सिन्हा की जीत की खबर सामने आई, पहड़िया मंडी में उपस्थित समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई।

कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी और जीत का जश्न मनाया। विजयी प्रत्याशी के पहुंचने पर पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाओं से लादकर भव्य स्वागत किया। पूरे परिसर में उत्साह, उल्लास और समाजवादी पार्टी के समर्थन में नारेबाजी का माहौल देखने को मिला।

इस अवसर पर विजयी प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने अपनी जीत को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की नीतियों, विचारधारा और जनहितकारी दृष्टिकोण की जीत बताया। उन्होंने कहा कि यह जीत पार्टी के उन सभी नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मेहनत का परिणाम है, जिन्होंने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ चुनाव में अपनी भूमिका निभाई।

उन्होंने मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्नातक मतदाताओं ने जो विश्वास और समर्थन दिया है, वह उनके लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। जीत के बाद स्वागत करने वालो में सांसद चंदौली वीरेंद्र सिंह, सांसद छोटेलाल खरवार, जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़, विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव, डॉ. ज्ञानेंद्र यादव ज्ञानू, शिक्षक एमएलसी चुनाव के प्रभारी प्रदीप कुमार मौर्य, संतोष यादव एडवोकेट, प्रदीप जायसवाल, अरविंद गिरि, शिवशंकर यादव, सत्यनारायण राजभर, धनंजय यादव, महेंद्र पाल पिंटू, ईशान श्रीवास्तव, सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।