गलियों के शहर बनारस में 'वाटर बाउजर' रोकेगा आग की रफ्तार, एक में ही चार गाड़ियों की क्षमता
वाराणसी अग्निशमन विभाग को 22,000 लीटर क्षमता का नया वाटर बाउजर मिला है, जो बड़ी आग की घटनाओं से निपटने ...और पढ़ें
HighLights
विभाग को 22,000 लीटर क्षमता का नया वाटर बाउजर मिला।
यह चार सामान्य दमकल गाड़ियों के बराबर पानी रखता है।
बड़ी आग और लंबे समय तक चलने वाली घटनाओं में उपयोगी।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। बड़ी आग की घटनाओं से निपटने के लिए फायर विभाग की क्षमता में इजाफा हुआ है। विभाग को प्रदेश सरकार की ओर से 22 हजार लीटर पानी की क्षमता वाला वाटर बाउजर (विशेष तरह का फायर टेंडर) मिला है। इसका इस्तेमाल आग की बड़ी घटनाओं में किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर यह वाटर बाउजर लगातार पानी उपलब्ध कराकर दमकल की अन्य गाड़ियों के साथ आग बुझाने में मदद करेगा।
इसकी क्षमता 5500 लीटर पानी की चार गाड़ियों के बराबर है। 14 टायर वाली यह गाड़ी करीब 16 मीटर लंबी है। इसमें एक साथ बड़ी मात्रा में पानी उपलब्ध रहने के कारण बड़े भवनों और लंबे समय तक चलने वाली आग की घटनाओं में इसका उपयोग किया जा सकेगा। इस गाड़ी को इस्तेमाल करने पर करीब 45 मिनट तक लगातार जल वर्षा कर आग बुझाने में मदद मिल सकती है।
इस वाटर बाउजर से अन्य दमकल वाहनों को पानी का बैकअप भी उपलब्ध कराया जा सकेगा। जरूरत के अनुसार छोटे वाटर बाउजर या अन्य दमकल गाड़ियों से पानी लेकर भी इसे इस्तेमाल किया जा सकता है। बड़ी और खुली जगहों पर इसका संचालन अधिक सुविधाजनक होगा। हालांकि, गाड़ी की लंबाई और आकार अधिक होने के कारण इसे घुमाने के लिए पर्याप्त जगह की आवश्यकता होगी। इस भारी गाड़ी को बड़ी आग की घटनाओं में फायर विभाग के लिए अहम संसाधन माना जा रहा है।
तीन हजार लीटर प्रति मिनट है पंप की क्षमता
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि इस वाटर बाउजर में लगे पंप की क्षमता तीन हजार लीटर प्रति मिनट है। इस गाड़ी में फायर होज, फायर एक्सटिंग्विशर, फायर फाइटिंग ब्रांच और वाटर मानिटर आदि हैं। गाड़ी में आगे चालक समेत दो लोगों और पीछे चार लोगों के बैठने की व्यवस्था है।
ये उपलब्ध हैं संसाधन
अग्निशमन विभाग के पास हाईड्रोलिक प्लेटफार्म एक, 12 हजार व आठ हजार लीटर क्षमता का वाटर बाउजर एक-एक, फोम टेंडर तीन, वाटर टेंडर टाईप (बी) हाईप्रेशर पंप 2500 लीटर क्षमता का एक, हाईप्रेशर मिनी टैंकर क्षमता 300 लीटर दो, वाटर टेंडर टाईप (बी) 2500 लीटर एक, वाटर टेंडर टाईप (बी) 2000 लीटर चार, टीआरबी/एंबुलेंस तीन, पोर्टेबुल पंप 60 जीपीएम छह, मोटर साइकिल बुलेट सात, ब्रीदिंग आपरेट्स सेट 24, फायर एक्सटिंग्विशर 108 आदि संसाधन हैं।
आग की बड़ी घटनाओं में जहां पानी की ज्यादा जरूरत होगी वहां 22 हजार लीटर पानी की क्षमता वाले इस वाटर बाउजर को भेजा जाएगा। इस गाड़ी के मिलने से अग्निशमन उपकरण की क्षमता बढ़ी है।
आनंद सिंह राजपूत, मुख्य अग्निशमन अधिकारी।
