काशी में करवाचौथ पर कीमत बढ़ी लेकिन मेहंदी लगवाने की होड़ बरकरार, पूजन थालियों की बढ़ी चमक
वाराणसी में करवाचौथ के करीब आते ही बाजारों में रौनक बढ़ गई है, जहां सुहागिन महिलाएं व्रत की तैयारियों में ...और पढ़ें
HighLights
करवाचौथ के लिए मेहंदी और पूजा थालियों की मांग में वृद्धि।
अरेबिक, मारवाड़ी, राजस्थानी मेहंदी डिजाइनों का महिलाओं में विशेष क्रेज।
स्टोन वर्क और लेस वाली सजावटी थालियां खूब पसंद की जा रही हैं।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। करवाचौथ का पर्व नजदीक आते ही बाजारों में रौनक बढ़ गई है। सुहागिन महिलाएं व्रत और पूजन की तैयारियों में जुट गई हैं। कोई हाथों में पिया के नाम की मेहंदी रचाने के लिए मेहंदी कलाकारों के पास पहुंच रही हैं तो कोई पूजा की थाली, करवा, चलनी और सोलह श्रृंगार की सामग्री खरीद रही हैं।
शहर के प्रमुख बाजारों, माल, ब्यूटी पार्लर और श्रृंगार की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ बढ़ गई है। इस बार मेहंदी के आकर्षक डिजाइन और सजावटी पूजन थालियां महिलाओं को खासा लुभा रही हैं। करवाचौथ पर हाथों में मेहंदी रचाने को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह है। मेहंदी कलाकारों के पास अरेबिक, मारवाड़ी, राजस्थानी और ब्राइडल डिजाइन की सबसे अधिक मांग है।
वहीं, थ्रीडी, कलरफुल और पाकिस्तानी मेहंदी भी महिलाओं को आकर्षित कर रही है। फूल-पत्ती, जालदार डिजाइन, गोल टिक्की और दूल्हा-दुल्हन की आकृतियां भी पसंद की जा रही हैं। कई महिलाएं हथेली से कोहनी तक भरी मेहंदी लगवा रही हैं। नवविवाहिताओं में ब्राइडल और इंडियन स्टाइल की मेहंदी का खास क्रेज है। पति के नाम वाली मेहंदी भी पसंद की जा रही है।
ब्यूटी पार्लर संचालकों के अनुसार, दोनों हाथों में कोहनी के नीचे तक मेहंदी लगाने की कीमत 500 रुपये है। घर जाकर मेहंदी लगाने पर 200 से 500 रुपये तक अतिरिक्त लिए जा रहे हैं। करवाचौथ से एक दिन पहले मेहंदी लगवाने के लिए महिलाएं फोन पर बुकिंग करा रही हैं।
माल के बाहर स्टाल लगाने वाले कलाकारों के अनुसार, अरेबिक डिजाइन 300 से 500 रुपये, मारवाड़ी 500 से 1000 रुपये और राजस्थानी डिजाइन 500 से 1200 रुपये तक में लगाया जा रहा है। बाम्बे स्टाइल की कलरफुल मेहंदी की कीमत 1000 रुपये से शुरू होती है।
थ्रीडी डिजाइन भी महिलाओं को आकर्षित कर रही है। इसकी कीमत 1000 रुपये से शुरू होती है, जबकि बारीक डिजाइन वाली पाकिस्तानी थ्रीडी मेहंदी लगवाने के लिए 2100 रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। मारवाड़ी मेहंदी की कीमत डिजाइन और हाथों में भराव के अनुसार 500 से 1500 रुपये तक है।
स्टोन और लेस वर्क वाली पूजन थालियां पसंद
करवाचौथ की पूजा के लिए बाजार में सजावटी थाली सेट की मांग भी बढ़ गई है। दुकानदारों के अनुसार, इस बार स्टोन वर्क, लेस वर्क और प्रिंटेड वर्क वाली थालियों के नए डिजाइन बाजार में आए हैं। सजावटी पूजा थाली सेट 250 से 900 रुपये तक में उपलब्ध हैं। इन सेटों में थाली, चलनी और लोटा शामिल हैं।
महिलाएं अपनी पसंद के अनुसार खरीदारी कर रही हैं। अलग से सजावटी चलनी और लोटा 60 से 100 रुपये तक में मिल रहे हैं। सजावटी करवा की कीमत 60 से 150 रुपये तक है, जबकि साधारण करवा 20 रुपये और पेंटेड करवा 40 रुपये प्रति पीस में उपलब्ध है। इसके अलावा करवा माता की तस्वीर, व्रत कथा की किताब और सोलह श्रृंगार सेट की भी खरीदारी हो रही है।
प्रमुख बाजारों में सजे मेहंदी के स्टाल
करवाचौथ पर मेहंदी की बढ़ती मांग को देखते हुए कलाकारों ने शहर के प्रमुख बाजारों में स्टाल लगाए हैं। सिगरा, महमूरगंज, दुर्गाकुंड, गोदौलिया, मैदागिन, गुरुबाग, लंका, अर्दली बाजार, शिवपुर समेत कई इलाकों में माल, ज्वेलरी शोरूम और श्रृंगार की दुकानों के बाहर महिलाएं मेहंदी लगवा रही हैं। कई स्टाल पर पांच से दस कलाकार एक साथ ग्राहकों के हाथों में मेहंदी रचा रहे हैं।
- करवाचौथ के पर्व को लेकर सजावटी पूजन थाली, चलनी व लोटा खरीद रही हूं। - ज्योति दुबे, बसहीं।
- इस बार स्टोन, लेस और प्रिंटेड वर्क की सजावटी पूजा थाली अधिक पसंद की जा रही है। -किशन मौर्या, दुकानदार।
- थ्रीडी डिजाइन की मेहंदी लगवाई हूं। इसकी डिजाइन हाथों पर उभरी हुई होती है। -रुपाली शुक्ला, सारनाथ।
- कई महिलाएं मोबाइल फोन पर अपनी पसंद की डिजाइन दिखाकर मेहंदी लगवा रही हैं। -स्वाति सिंह, संचालिका, ब्यूटी पार्लर।
