जौनपुर में घर से नाराज युवक ने पहले मां से फोन पर की बात, फिर गोमती नदी में लगा दी छलांग
जौनपुर में नौपेड़वा के बक्शा थाना क्षेत्र के विशेषरपुर गांव स्थित गोमती नदी छूंछा घाट पर शुक्रवार देर रात्रि घर से नाराज युवक स्विफ्ट डिजायर कार सहित से नदी में छलांग लगा दी।
जौनपुर, जेएनएन। नौपेड़वा के बक्शा थाना क्षेत्र के विशेषरपुर गांव स्थित गोमती नदी छूंछा घाट पर शुक्रवार देर रात्रि घर से नाराज युवक स्विफ्ट डिजायर कार सहित से नदी में छलांग लगा दी। घटना को अंजाम देने से ठीक पहले युवक अपनी मां से फोन पर बात कर रहा था। रात्रि में परिजन छूंछा घाट पहुंचकर सौ नंबर पर फोन कर पुलिस को घटना से अवगत कराया। सौ नंबर के साथ पहुंची थाने की पुलिस ने भी रात्रि में ही नदी में जाते हुए पहिये के निशान देख अंदाजा लगा लिया कि युवक ने गोमती नदी में छलांग लगा दिया है।
चार घंटे के अथक प्रयास के बाद कार व शव बरामद
शनिवार सुबह पुलिस परिवारजनों की मौजूदगी में गोताखोरों की मदद से वाहन ढूंढने का प्रयास शुरू किया। चार घंटे के अथक प्रयास के बाद उक्त कार को शव सहित निकालकर आवश्यक कार्यवाही के लिए ले जाया गया। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के करंजाकला निवासी स्व. रामधनी के दो पुत्रों में सबसे छोटा पुत्र राजेश यादव गोली (28) मुंबई में रहकर भाड़े पर कार चलाता था। लॉकडाउन के दौरान राजेश पत्नी एवं डेढ़ वर्ष के पुत्र के साथ कार से घर आया था। कार लेकर राजेश पुनः मुंबई चला गया। बीते चार दिन पूर्व राजेश उसी कार से पुनः मुंबई से घर आ गया।
मां को बताया कि गोमती नदी में कूदने जा रहा हूं
रात्रि करीब साढ़े 11 बजे घर पर किसी बात से नाराज राजेश कार लेकर छूंछा घाट गोमती पुल पर पहुंच मां सोना देवी से नदी में कूदने की बात बता फोन काट दिया। उधर घर पर इस बात की खबर मिलते ही बड़ा भाई राकेश यादव छूंछा पुल पहुंच सौ नंबर को काल किया। सौ नंबर के साथ बक्शा पुलिस भी मौके पर पहुंच कार के नदी में जाने का निशान देख पुष्टि की। रात्रि में गोताखोरों के न मिलने पर सुबह 6 बजे परिजन व पुलिस गोताखोर को बुलाकर नदी में जाल डलवाया तो 4 घंटे बाद करीब चार सौ मीटर दूर कार व मृतक का शव मिला। शीशा तोड़कर शव निकाला गया फिलहाल परिजन शव लेकर घर चले गए।