गाजीपुर में पड़ोसन को गोली मारकर खुद को मारी गोली, गंभीर स्थिति में दोनों वाराणसी रेफर
एक व्यक्ति ने दूसरे को गाेली मारने के बाद खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या का प्रयास किया है। गोली चलने का मामला प्रकाश में आने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को गंभीर हाल में अस्पताल भेजने के साथ ही जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
गाजीपुर, जेएनएन। करंडा थाना क्षेत्र के ग्राम उधरनपुर में बुधवार की दोपहर एक व्यक्ति ने दूसरे को गाेली मारने के बाद खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या का प्रयास किया है। गोली चलने का मामला प्रकाश में आने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को गंभीर हाल में अस्पताल भेजने के साथ ही जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार उधरनपुर निवासी नितेश राजभर (22) ने पड़ोस में रहने वाली सुमन राजभर पत्नी जीउत राजभर को गोली मारकर, खुद को भी गोली मार ली। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल गाजीपुर में भर्ती करा दिया है। वारदात की जानकारी होने के बाद से ही दोनों के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया है।
करंडा थाना क्षेत्र के उधरनपुर गांव में बुधवार की दोपहर एक युवक ने पड़ोसी महिला को गोली मारने के बाद खुद भी मार ली। दोनों को जिला अस्पताल लाया गया। जानकारी होते ही पुलिस अधीक्षक अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों को वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। एक दिन पहले भी किसी बात को लेकर दोनों परिवार में विवाद हुआ था। पुलिस इस मामले में पड़ताल कर रही है।
उधरनपुर गांव निवासी श्यामलाल के पुत्र नीतेश राजभर (22) ने पड़ोसी जीउत राजभर की पत्नी सुमन (30) को तमंचा से आंख में गोली मार दिया। बाद में खुद बंसवार में जाकर अपनी कनपटी में गोली मार लिया। गोली की आवाज सुनकर पास-पड़ोस के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार पांडेय एवं पीआरवी टीम भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस दोनों घायलों को अपने वाहन से जिला अस्पताल ले आई। जानकारी होते ही पुलिस अधीक्षक डा. ओमप्रकाश सिंह, सदर क्षेत्राधिकारी ओजस्वी चावला, सदर कोतवाली विमल मिश्रा अस्पताल पहुंच गए। पुलिस अधीक्षक ने घायलों के परिवार से घटना के संबंध में जानकारी ली। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों को वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। घटना को लेकर घायल महिला के पति जीउत का कहना था कि मैं बाजार गया था। मेरी पत्नी हैंडपंप पर नहा रही थी। इसी दौरान वहां पहुंचे नीतेश ने उसे गोली मारी। इसके बाद भागकर कुछ दूरी पर स्थित बंसवार में पहुंचा और खुद को भी गोली मार लिया।
पूछताछ में बताया कि कल मेरा नीतेश से विवाद हुआ था। किसी अन्य विषय को लेकर पहले की कोई दुश्मनी नहीं है। लोगों में इस बात की चर्चा थी कि प्रेम प्रसंग को लेकर यह वारदात हुई है। इस संबंध में एसपी ने बताया कि दोनों लोग पड़ोसी हैं। किसी बात को लेकर पहले से झगड़ा है। पड़ोस के युवक ने पहले महिला और बाद में खुद को गोली मार ली। दोनों को वाराणसी ले जाया गया है। महिला के पति ने वारदात को लेकर तहरीर दी है। प्रेम प्रसंग के संबंध में पूछने पर बताया कि यह जांच का विषय है। मामले की छानबीन की जा रही है।