गिरफ्तार नहीं हुआ तो कहां गायब हो गया कर्मवीर, घोषित है 50 हजार रुपये का इनाम
सैदपुर कोतवाली के देवचंदपुर पेट्रोलपंप पर हुए गोलीबारी व 50 हजार का इनामिया बदमाश कर्मवीर सिंह उर्फ सन्नी अगर गिरफ्तार नहीं हुआ तो बुधवार की शाम सरजू पांडेय पार्क से अचानक कहां गायब हो गया। एसपी समेत पुलिस के सभी उच्चाधिकारी उसकी गिरफ्तारी से साफ इन्कार कर रहे हैं।
गाजीपुर, जेएनएन। सैदपुर कोतवाली के देवचंदपुर पेट्रोलपंप पर हुए गोलीबारी व 50 हजार का इनामिया बदमाश कर्मवीर सिंह उर्फ सन्नी अगर गिरफ्तार नहीं हुआ तो बुधवार की शाम सरजू पांडेय पार्क से अचानक कहां गायब हो गया। एसपी समेत पुलिस के सभी उच्चाधिकारी उसकी गिरफ्तारी से साफ इन्कार कर रहे हैं, जबकि बुधवार की शाम से ही कर्मवीर के आत्मसमर्पण करने का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी यह भी मिल रही है कि सरजू पांडेय पार्क से ही सैदपुर पुलिस उसे उठा ले गई, लेकिन जिम्मेदार इससे इन्कार कर रहे हैं।
वायरल वीडियो के अनुसार सन्नी सिंह बुधवार की शाम अचानक सरजू पांडेय पार्क के पास पहुंचा। उसके हाथ में एक पेपर था। जिसपर लिखा था, मैं सन्नी सिंह उर्फ कर्मवीर सिंह देवचंदपुर सैदपुर गाजीपुर। सूत्रों के अनुसार इसके कुछ ही देर में अचानक वहां पुलिस पहुंच गई और पकड़कर अज्ञात स्थान के लिए रवाना हो गई। सन्नी चेहरे पर मास्क लगाए लोवर-टीशर्ट और हवाई चप्पल पहने हुए था। इसके कुछ ही देर बाद सन्नी सिंह के सरजू पांडेय पार्क के पास पहुंचने की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगी। बावजूद इसके एसपी समेत सभी पुलिस अधिकारी इससे नकारते रहे। बता दें कि कर्मवीर सिंह उर्फ सन्नी एवं उसका साथी आनंद सिंह उर्फ ढोलक व अन्य ने बीते 14 अक्टूबर की रात गोली मारकर त्रिभुवन नारायण सिंह की हत्या कर दी। उनके सगे चचेरे भाई शिवमूरत को जख्मी कर दिया था। इस मामले में अजय पांडेय ने सन्नी सिंह, ढोलक सिंह को नामजद और दस अज्ञात के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने सन्नी और ढोलक पर 50 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया। पुलिस ने लालबहादुर उर्फ दीपक सिंह निवासी नारी पचदेवरा थाना करंडा तथा अमन उर्फ सूरज पांडेय देवापार झलरिया सादात को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है।
कर्मवीर सिंह उर्फ सन्नी की अभी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है
कर्मवीर सिंह उर्फ सन्नी की अभी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इसके लिए गठित टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का इससे कोई लेना-देना नहीं है।
- डा. ओमप्रकाश सिंह, पुलिस अधीक्षक।