काली महाल में पति-पत्नी की गोली मारकर हत्या, जानिए आखिर क्या थी डबल मर्डर की वजह Varanasi news
यजमानी को लेकर चेतगंज थाना क्षेत्र के काली महाल इलाके में शनिवार सुबह पति-पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी।
वाराणसी, जेएनएन। यजमानी को लेकर चेतगंज थाना क्षेत्र के काली महाल इलाके में शनिवार सुबह पति-पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाशों ने महिला को गोली मारने के साथ ही उस पर चापड़ से भी हमला किया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश बाइक से लल्लापुरा के रास्ते फरार हो गए। पिशाचमोचन में धार्मिक अनुष्ठान कराने वाले कृष्ण कुमार उपाध्याय उर्फ केके (52 वर्ष) का चेतगंज के काली महाल इलाके में पैतृक आवास है। सुबह लगभग सवा सात बजे पिशाचमोचन जाने के लिए वह तैयार हुए। घर से 25 कदम की दूरी पर मौजूद शिव मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद कृष्ण कुमार अपने घर के दरवाजे पर आए और बेटे सुमित को बाइक निकालने की बात कहकर पैदल ही गली में आगे बढ़े। चार कदम आगे बढ़े ही थे कि काले रंग की एक्टिवा से दो बदमाश पहुंचे। केके जब तक कुछ समझ पाते, एक ने कमर में सटाकर गोली मार दी।
गोली की आवाज सुनकर सुमित बाहर आया, पिता को खून से लथपथ और चचेरे भाई को हाथ में पिस्टल लिए देखा। शोर मचाते हुए घर में भागा। पीछे-पीछे दोनों बदमाश भी दौड़े। सुमित पहली मंजिल पर बर्तन मांज रही मां ममता देवी (46 वर्ष) के पास पहुंचा और बताया कि राजेंद्र चाचा के बेटे चंदन ने पापा को गोली मार दी। इस बीच पीछे से आए एक बदमाश ने सुमित पर फायर झोंका लेकर गोली मिस कर गई। गोली मिस होते ही दूसरे ने चापड़ निकाल लिया। सुमित की जान खतरे में देखकर मां ने उसे अपने पीछे ढकेल दिया। चापड़ से बदमाश ने ममता देवी पर कई वार किए और उन्हें गोली भी मारी। ममता देवी की हत्या के बाद बदमाश घर से बाहर निकले। गली में घर के बाहर रक्तरंजित केके उपाध्याय तड़प रहे थे। एक ने दोबारा केके के सीने में गोली दाग दी। यकीन हो गया कि केके उपाध्याय की सांस थम चुकी है तब दोनों एक्टिवा से फरार हो गए।
डबल मर्डर से इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस को .32 बोर के तीन खोखे व एक दगा कारतूस मिला। एसपी सिटी दिनेश सिंह ने बताया कि सुमित की तहरीर पर राजेंद्र कुमार उपाध्याय, पूजा, रजत उर्फ चंदन और रामविचार उपाध्याय के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। आरोपित घर से फरार हैं। गाजीपुर के साथ ही वाराणसी के विभिन्न इलाकों में दबिश दी जा रही है। छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ चल रही है।